इस मैच में अबतक दो विकेट हासिल किए हैं और उनके नाम टी20 अंतरराष्ट्रीय में कुल 97* विकेट दर्ज हो गए हैं…
कोलकाता (ए)। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की तूफानी पारी के दम पर भारत ने इंग्लैंड को पहले टी20 मैच में सात विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 132 रन बनाए थे, लेकिन अभिषेक ने 34 गेंदों पर पांच चौकों और आठ छक्कों की मदद से 79 रन बनाए जिसके दम पर भारत ने 12.5 ओवर में तीन विकेट पर 133 रन बनाकर मैच जीता। इंग्लैंड की ओर से तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने दो विकेट और आदिल राशिद ने एक विकेट लिया।
कम स्कोर का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को संजू सैमसन और अभिषेक ने अच्छी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 41 रन जोड़े। हालांकि, आर्चर ने पहले सैमसन (26) और फिर कप्तान सूर्यकुमार यादव को खाता खोले बिना आउट किया जिससे भारत की पारी लड़खड़ा गई। हालांकि, अभिषेक ने इसके बाद हाथ खोले और महज 20 गेंदों पर पचासा जड़ दिया।
अभिषेक ने इंग्लैंड के हर गेंदबाज को निशाना बनाया। अभिषेक इसके साथ ही टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले संयुक्त रूप से तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए। अभिषेक की पारी का अंत आदिल राशिद ने किया। फिर तिलक वर्मा और हार्दिक पांड्या ने जीत की औपचारिकता पूरी की। तिलक 16 गेंदों पर 19 रन और हार्दिक चार गेंदों पर तीन रन बनाकर नाबाद लौटे।
इससे पहले, स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के नेतृत्व में भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया जिससे इंग्लैंड की पारी 132 रन पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड के लिए कप्तान जोस बटलर ने अर्धशतक जड़ा और 44 गेंदों पर आठ चौकों और दो छक्कों की मदद से 68 रन बनाए। इंग्लैंड के सिर्फ तीन ही बल्लेबाज दहाई अंक तक पहुंच सके और बटलर के अलावा अन्य कोई बल्लेबाज प्रभावित नहीं कर सका।
भारत ने इस मैच के लिए अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को प्लेइंग-11 में जगह नहीं दी थी, लेकिन अर्शदीप सिंह ने जिम्मा संभाला और शुरुआत में ही मेहमान टीम को दो झटके देकर भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई। अर्शदीप इसके साथ ही भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे सफल गेंदबाज बन गए। भारत के लिए वरुण ने तीन विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल को दो-दो विकेट मिले।
25 वर्षीय गेंदबाज टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के लिए सर्वाधिक विकेट चटकाने वाले पहले गेंदबाज बन गए। उन्होंने इस मैच में अबतक दो विकेट हासिल किए हैं और उनके नाम टी20 अंतरराष्ट्रीय में कुल 97* विकेट दर्ज हो गए हैं। ईडन गार्डंस में खेले जा रहे इस मैच में पंजाब के इस गेंदबाज ने पहले ओवर की तीसरी गेंद पर फिल सॉल्ट (0) को अपना शिकार बनाया। इसके बाद उन्होंने तीसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर बेन डकेत (4) को पवेलियन भेजा।
दो विकेट के साथ अर्शदीप टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के सबसे सफल गेंदबाज बन गए। उन्होंने स्पिनर युजवेंद्र चहल को पीछे छोड़ दिया। चहल के नाम 96 विकेट दर्ज हैं। वहीं, अर्शदीप अब उनसे आगे निकल गए। दिलचस्प बात यह है कि अर्शदीप ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में डेब्यू के बाद 35 बार सलामी बल्लेबाजों को आउट किया है।















