अभिनेता-फिल्म निर्माता आर माधवन को शुक्रवार को पुणे स्थित फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई) के अध्यक्ष और इसकी गवर्निंग काउंसिल के अध्यक्ष के रूप में नामित किया गया…
मुंबई (ए)। भारतीय सिनेमा के शानदार अभिनेताओं गिने जाने वाले आर माधवन भारत के उन कुछ गिने-चुने अभिनेताओं में से एक हैं, जो कई भाषाओं में काम करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह जिस भी किरदार को पर्दे पर निभाने गए, उसी के जरिए उन्होंने दर्शकों के दिलों में अपनी छाप छोड़ी। पिछले दिनों अपनी फिल्म ‘रॉकेट्री द नंबी इफेक्ट’ के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीतने को लेकर सुर्खियां बटोरने वाले आर माधवन अब नई जिम्मेदारी निभाते नजर आ सकते हैं।दरअसल, आर माधवन को फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई) के अध्यक्ष और इसकी गवर्निंग काउंसिल के अध्यक्ष के रूप में नामित किया गया।
एफटीआईआई के अध्यक्ष के रूप में नामित किए गए माधवन
अभिनेता-फिल्म निर्माता आर माधवन को शुक्रवार को पुणे स्थित फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई) के अध्यक्ष और इसकी गवर्निंग काउंसिल के अध्यक्ष के रूप में नामित किया गया। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने ट्विटर पर खबर साझा की और अभिनेता को बधाई दी है। बता दें, पिछले साल रिलीज हुई ‘रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट’ से अभिनेता ने निर्देशन की दुनिया में कदम रखा है। इस फिल्म को हाल ही में 69वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में भी जलवा बिखेरा है।
अनुराग ठाकुर ने दी बधाई
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने अपने ट्विटर हैंडल पर खबर साझा करते हुए लिखा, ‘एफटीआईआई के अध्यक्ष और गवर्निंग काउंसिल के अध्यक्ष के रूप में नामित होने पर आर माधवन जी को हार्दिक बधाई। मुझे यकीन है कि आपका विशाल अनुभव और मजबूत नैतिकता इस संस्थान को समृद्ध करेगी, सकारात्मक बदलाव लाएगी और इसे उच्च स्तर पर ले जाएगी। आपको मेरी शुभकामनाएं।’
Thank you so very much for the honor and kind wishes @ianuragthakur Ji. I will do my very best to live up to all the expectations. 🙏🙏 https://t.co/OHCKDS9cqt
— Ranganathan Madhavan (@ActorMadhavan) September 1, 2023
आर माधवन ने दिया धन्यवाद आर माधवन ने इस अवसर के लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्री को धन्यवाद दिया। अभिनेता ने ट्विटर पर लिखा, ‘सम्मान और शुभकामनाओं के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद अनुराग ठाकुर जी। मैं सभी उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा।’ बता दें, ‘कन्नाथिल मुथामित्तल’, ‘रंग दे बसंती’, ‘3 इडियट्स’ और ‘विक्रम वेधा’ सहित कई भाषाओं में अपनी फिल्मों के लिए जाने जाने वाले अभिनेता एफटीआईआई अध्यक्ष के रूप में फिल्म निर्माता शेखर कपूर की जगह लेंगे।















