रायपुर। मेरे घर मे 5 सदस्य है, जिसमे 4 लोगों की तबियत बिगड़ी और हमने बिना समय व्यर्थ किये तत्काल टेस्ट करवाया। जिसमे 3 लोग कोविड पॉजिटिव आए। मेरे पिताजी 68 वर्ष, माताजी 66 वर्ष तथा बड़ी बहन 38 वर्ष की है। कोविड टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर हमने तत्काल होम आइसोलेशन कंट्रोल रूम रायपुर में सूचना दी तथा होम आइसोलेशन वेबलिंक में तीनों पॉजिटिव मरीजों का पंजीयन करवाया। कंट्रोल रूम द्वारा हमें सभी जानकारी दी गई, डॉक्टर निलय मोझरकर असाइन किये गए, उन्होंने बहुत अच्छे से सभी लोगों की चिकित्सकीय देखभाल की। हमने डॉक्टर द्वारा बताए सभी नियमों एवं सावधानियों का पूर्णतः पालन किया। नियमित,संयमित एवं अनुशाषित दिनचर्या का पालन किया। दवाई समय पर ली। घर का माहौल सकारात्मक रखा, चिंता और भय की स्थिति थी परन्तु उस भय को स्वयं पर हावी नहीं होने दिया। घबराहट और डर में ऑक्सिजन का स्तर और कम होता है। हमें हर परिस्थिति में खुद को सम्हलाना जरूरी है, खुद को मजबूत करेंगे तभी हम दूसरों की सहायता कर सकेंगे। मैंने सभी सदस्य के लिए केअर टेकर के कर्तव्यों को निभाया, सभी के खान-पान, दवाई, साफ-सफाई आदि का विशेष ध्यान रखा।
एक केअर टेकर के लिए यह अत्यंत आवश्यक है कि वह भी पूरी सावधानी रखें, हम सभी घर के भीतर मास्क जरूर लगाते थे, समय-समय पर हाथ धोना, सेनेटीज़ करना सबकी आदत बन गई थी। जब भी मैंने अपने परिवार की देखभाल की मैं हमेशा मास्क पहनी रहती थी। मैंने परिवार के सभी लोगों की सेवा की परन्तु मेरा रिपोर्ट नेगटिव आया क्योंकि मैंने वेक्सीन लगवाई है तथा वेक्सीन के प्रभाव से ही कोविड का प्रभाव मुझ पर नहीं पड़ा या अगर पड़ता भी तो बहुत कम प्रभाव होता। होम आइसोलेशन अवधि के दौरान 2 बार मौसम बदला उस समय शरीर को हमने गरम रखने का हर सम्भव प्रयास किया। इस अवधि में मुझे दुर्ग होम आइसोलेशन नोडल अधिकारी के जो अनुभव थे, उनसे बहुत मदद मिली।
मैंने होम आइसोलेशन को बहुत करीब से देखा है, प्रचार-प्रसार के लिए बहुत से ऑडियो/वीडियो तैयार किये हैं। नियम निर्देश सावधानी सबकुछ जो भी दुर्ग में समझा देखा वो सब यहां काम आया।
हम पूरे जिले को सम्हाल सकते हैं परन्तु जब बात अपने घर अपने परिवार की आती है तो मन चिंतित हो जाता है, डर और घबराहट लगना स्वाभाविक है।मुझे भी लगा परन्तु इस क्षेत्र के अनुभव ने मुझ में एक अलग ही हिम्मत पैदा की, सकारात्मक ऊर्जा के साथ मैंने पूरी देखभाल किया। डॉ निलय ने बहुत अच्छे चिकित्सकीय मार्गदर्शन एवं परामर्श दिया। मैं डॉ निलय मोझरकर और होम आइसोलेशन कंट्रोल रूम रायपुर की पूरी टीम, नगर निगम रायपुर ज़ोन 06 के अधिकारी/कर्मचारियों और कार्यालय मंत्री गृह, लोक निर्माण पर्यटन, धर्मस्व के समस्त अधिकारी कर्मचारियों का हृदय से धन्यवाद करती हूं। इस विपरीत समय मे मेरे कार्यालय के स्टाफ ने मेरी हर सम्भव सहायता की।डॉक्टर निलय मोझरकर और नोडल अधिकारी एवं उनकी टीम को पत्र लिख कर आभार प्रकट किया है।
एक सकारात्मक सोच के साथ डिप्टी कलेक्टर और गृहमंत्री ओएसडी दिव्या वैष्णव ने अपने परिवार को कोविड-19 के प्रकोप से बाहर निकाला और अपने काम के साथ साथ परिवार का देखभाल कर दोहरी जिम्मेदारी निभाई। इनके सोच, समझ और जागरूकता के कारण ही यह संभव हो पाया है।
ओएसडी दिव्या वैष्णव ने लोगो से अपील करते हुए कहा कि मरीजों की डायट का विशेष ध्यान देना जरूरी है, किसी भी बहाने से भोजन की पर्याप्त खुराक लेना अत्यंत आवश्यक है। भोजन गरम लेना जरूरी है, ठंडे तासीर वाले चीजें बिल्कुल भी ना ले। प्रतिदिन चार बार शरीर मे ऑक्सिजन की स्तर, हृदय गति, तापमान की मॉनिटरिंग बहुत जरूरी है। अपनी छोटी-छोटी स्वास्थ्यगत समस्या को डाक्टर को अवश्य बताए। डॉक्टर के परामर्श अनुसार ही नियमो का पालन करें। स्वयं के विवेक से कोई भी दवाई ना लें।किसी भी प्रकार के अपवाह, मिथ्या खबरों से बचें। सकारात्मक सोच के साथ रहे तो रिजल्ट जल्दी ही आपके पक्ष में आयेगा।











