भारत के खिलाफ जीत से ऑस्ट्रेलिया की टीम 60.71 की पीसीटी के साथ शीर्ष पर है, जबकि दक्षिण अफ्रीका की टीम 59.26 पीसीटी के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद है। भारतीय टीम 57.29 की पीसीटी के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गई है…
नईदिल्ली (ए)। भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडिलेड टेस्ट में मिली करारी हार से विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) की अंक तालिका में भारी नुकसान हुआ है। पर्थ टेस्ट में मिली जीत से भारतीय टीम डब्ल्यूटीसी तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई थी, लेकिन एडिलेड में खेले गए दूसरे टेस्ट में टीम को 10 विकेट से हार का सामना करना पड़ा जिससे वह डब्ल्यूटीसी की तालिका में तीसरे स्थान पर खिसक गया।
ऑस्ट्रेलिया ने पिछले मैच में मिली हार के बाद शानदार वापसी की और डे-नाइट टेस्ट में भारत को हराकर पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 1-1 से बराबर कर दी। दूसरे टेस्ट मैच की बात करें तो भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया ने 180 रन बनाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 337 रन बनाए और 157 रन की बढ़त हासिल की। भारत की दूसरी पारी 175 रन पर समाप्त हुई और रोहित एंड कंपनी ने 18 रन की बढ़त हासिल की। 19 रन के लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया ने बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया।
















