रायपुर। केंद्रीय जीएसटी आयुक्तालय, रायपुर द्वारा आगामी 01 जुलाई, 2021 को जीएसटी दिवस समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कोविड-19 के महामारी के मद्देनजर इस वर्ष का कार्यक्रम शासकीय प्रोटोकॉल के तहत वर्चुअल माध्यम में आयोजित किया जाएगा।
इस समारोह में भारत सरकार द्वारा जीएसटी के अनुपालन के सरलीकरण एवं युक्तिसंगत के लिए विगत वर्षों में उठाए गए विभिन्न पहलों को छत्तीसगढ़ राज्य के समस्त करदाताओं को जानकारी देने हेतु वेबिनार का आयोजन किया जा रहा है। यह वेबिनार माइक्रोसॉफ्ट टीम एप में दिनाँक 01 जुलाई, 2021 को प्रातः 11:00 बजे आयोजित होगा। इस वेबिनार का उद्घाटन बी बी मोहापात्रा, प्रधान आयुक्त द्वारा किया जाएगा। उक्त वेबिनार में विभाग के सभी अधिकारियों के अलावा छत्तीसगढ़ के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधिगण, कर-सलाहकार एवं करदाता भाग लेंगे।
इसके अलावा जीएसटी दिवस, 2021 के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य के समस्त करदाताओं के विभिन्न समस्याओं के निदान के लिए केंद्रीय जीएसटी आयुक्तालय, रायपुर द्वारा जुलाई माह के प्रथम सप्ताह में एक पाँच दिवसीय विशेष ड्राइव चलायी जा रहा है। इस हेतु मुख्यालय, रायपुर के अलावा आयुक्तालय के अधीन कार्यरत सभी प्रभागीय कार्यलय यथा भिलाई, बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा में स्थित जीएसटी सेवा केन्द्रों में विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। अतः रायपुर आयुक्तालय, छत्तीसगढ़ के समस्त करदाताओं को इन सेवा-केन्द्रों में पहुँचकर अपनी जीएसटी संबंधित समस्याओं के निराकरण करवाने की अपील करता है।











