रायपुर। प्रार्थी वीर सिंह ठाकुर, निवासी संतोषी नगर, रायपुर द्वारा एन्टी करप्शन ब्यूरो, रायपुर में शिकायत की गई थी कि उसके द्वारा चोला मण्डलम से फायनेंस कराया जाकर एक चार पहिया वाहन अशोक लेलैंड (बड़ा दोस्त) खरीदी गई है।
जिसके नाम ट्रांसफर करने हेतु आर.टी.ओ. क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर का सहायक प्रोग्रामर शोभा राम देवांगन द्वारा 18,000 रूपये रिश्वत की मांग की जा रही है, जिसमें से 3,000 रूपये एडवांस के रूप में ले लिया गया था।
प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था बल्कि आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था। शिकायत का सत्यापन कराने पर शिकायत सही पाई गई और सत्यापन में मोलभाव पर आरोपी द्वारा 15,000 रुपये की जगह 14,000 रुपये लेने हेतु सहमति दी गई।
शिकायत सत्यापन पश्चात् दिनांक 10.04.2026 को ट्रेप आयोजित कर प्रार्थी से शोभा राम देवांगन, सहायक प्रोग्रामर को 14,000 रूपये रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया।
आरोपी को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध धारा 7 पीसीएक्ट 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) के प्रावधानों के तहत् अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
















