BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

कलेक्टर ने पटवारी कार्यालय का किया आकस्मिक निरीक्षण, हितग्राही को कलेक्टर ने प्रदान किया बी-1 दस्तावेज

रायपुर। रायपुर शहर में अपने धुंआधार निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह चंगोराभाठा स्थित पटवारी कार्यालय (हल्का नंबर 59) पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कार्यालय में लंबित एवं निराकृत आवेदनों की विस्तृत जानकारी ली और नक्शा, खसरा, बी-1 सहित अन्य राजस्व अभिलेखों का अवलोकन किया।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी अभिलेख अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखे जाएं, ताकि आमजनों को आवश्यक सेवाएं समय पर उपलब्ध हो सकें। उन्होंने अधिकारियों को आवेदनों के त्वरित एवं समयसीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने रामनारायण सिन्हा को दुरुस्ती के पश्चात बी-1 की प्रति भी प्रदान की। श्री सिन्हा ने बताया कि उन्होंने पूर्व में अपनी जमीन गिरवी रखकर बैंक से ऋण लिया था, जो अब पूर्ण रूप से चुकता हो चुका है तथा एनओसी भी प्राप्त हो गई थी, लेकिन बी-1 में आवश्यक सुधार नहीं हुआ था।

उन्होंने बताया कि राजस्व पखवाड़ा के अंतर्गत पटवारी कार्यालय में आवेदन करने पर उनका कार्य शीघ्रता से पूर्ण किया गया और बिना किसी परेशानी के उन्हें संशोधित बी-1 प्राप्त हो गया। उन्होंने प्रशासन की इस पहल की सराहना की।

इस अवसर पर निगम आयुक्त विश्वदीप, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन तथा एसडीएम नंदकुमार चौबे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Posts