रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार को तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचे। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद संतोष पांडेय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर महापौर मीनल चौबे, विधायक मोतीलाल साहू, राजेश मूणत, मुख्य सचिव विकास शील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, अपर मुख्य सचिव (गृह) मनोज पिंगुआ तथा रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला उपस्थित रहे।
दूसरी ओर सीएम साय ने ट्वीट कर लिखा कि प्रभु श्रीराम के ननिहाल माता कौशल्या की पावन धरा पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन।
केंद्रीय गृह मंत्री , आपका छत्तीसगढ़ आगमन हमारे लिए गौरव और उत्साह का क्षण है। आपके मार्गदर्शन में देश की आंतरिक सुरक्षा सुदृढ़ हुई है और नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई में मिले सकारात्मक परिणामों ने छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में शांति, सुरक्षा और विकास की नई राह प्रशस्त की है।
आपकी प्रेरणा और केंद्र सरकार के निरंतर सहयोग से छत्तीसगढ़ विकास और विश्वास के नए अध्याय लिख रहा है। हमें पूर्ण विश्वास है कि आपका यह दौरा राज्य के विकास को और अधिक गति प्रदान करेगा और नक्सल उन्मूलन अभियान को नई ऊर्जा पदान करेगा। छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता की ओर से आपका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज रायपुर में एक नीजि होटल में रात्रि विश्राम करेंगे। फिर अगले दिन आठ फरवरी को नवा रायपुर में नक्सल मामलों को लेकर हाईलेवल मीटिंग लेंगे। इसमें अर्धसैनिक बलों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
इस बैठक में 31 मार्च 2026 से पहले नक्सलियों के खात्मे को लेकर तय डेडलाइन पर आगे की महत्वपूर्ण रणनीति तैयार की जाएगी। ऐसे में छत्तीसगढ़ सहित देश में नक्सलवाद के खात्मे को लेकर शाह का यह दौरा बेहद अहम है। लाल आतंक के समूल नाश के लिए यह दौरा बेहद निर्णायक माना जा रहा है।
















