BREAKING

खास खबरफीचर्डविविध

आज से बदल गए FASTag, सिगरेट, तंबाकू से जुड़े ये नियम, बैंकों ने भी किया बदलाव

आज 1 फरवरी से आपकी जेब और जिंदगी से जुड़े कई बड़े नियम बदल रहे हैं. सिगरेट और तंबाकू उत्पाद महंगे होंगे, जबकि फास्टैग यूजर्स को अब बार-बार KYC के झंझट से मुक्ति मिलेगी. आज रसोई गैस और सीएनजी के नए दाम भी तय होंगे. इसके अलावा, क्रेडिट कार्ड नियमों में भी बदलाव लागू हो जाएंगे…

 

 

नईदिल्ली (ए)। आज रविवार, 1 फरवरी से कई नियमों में बदलाव होने जा रहे हैं, जिसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ेगा। 1 फरवरी से सिगरेट, तंबाकू, तंबाकू उत्पादों, एलपीजी गैस, पीएनजी, सीएनजी, फास्टैग, क्रेडिट कार्ड आदि से जुड़े नियमों में बदलाव लागू हो जाएंगे। यहां हम जानेंगे कि 1 फरवरी से क्या-क्या बदलाव होने जा रहे हैं, जिसका सीधा असर हमारी जेब पर पड़ेगा।

 

LPG सिलेंडर की कीमत

ऑयल मार्केटिंग कंपनियां हर महीने एलपीजी यानी रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं और जरूरत के आधार पर इसकी खुदरा कीमतों में कटौती या बढ़ोतरी की जाती है। लिहाजा, 1 फरवरी को ऑयल मार्केटिंग कंपनियां 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर और 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव कर सकती हैं।

CNG, PNG, ATF की कीमतों में बदलाव

एलपीजी सिलेंडर की तरह ही सीएनजी, पीएनजी और एटीएफ की कीमतों की भी हर महीने समीक्षा की जाती है और जरूरत पड़ने पर इसमें प्लस-माइनस किया जाता है। जहां सीएनजी गैस गाड़ियों के फ्यूल के रूप में इस्तेमाल होती है तो वहीं दूसरी ओर हवाई जहाज के लिए एटीएफ यानी विमान ईंधन का इस्तेमाल किया जाता है। पीएनजी गैस, रसोई गैस ही होती है जो सिलेंडर के बजाय पाइपलाइन के जरिए घरों तक पहुंचती है।

FASTag के लिए खत्म होगी KYC की जरूरत

1 फरवरी से FASTag के लिए केवाईसी वेरिफिकेशन की जरूरत पूरी तरह से खत्म हो जाएगी। NHAI यानी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण पहले ही इसकी घोषणा कर चुका है। नए नियमों के तहत अब फास्टैग जारी करने वाले बैंकों को ही फास्टैग जारी करने से पहले पूरी जरूरी जांचें पूरी करनी होंगीं।

सिगरेट, तंबाकू होंगे महंगे

1 फरवरी से देशभर में सिगरेट, तंबाकू और अन्य तंबाकू उत्पादों पर नया टैक्स लागू हो जाएगा। नया टैक्स लागू होने की वजह से सिगरेट, तंबाकू और अन्य सभी तंबाकू उत्पाद महंगे हो जाएंगे। सरकार इन पर उत्पाद शुल्क और उपकर बढ़ा रही है, जो जीएसटी से अलग होगा।

SBI IMPS ट्रांजेक्शन सर्विस चार्ज में बदलाव

एसबीआई ने अपने कुछ आईएमपीएस ट्रांजेक्शन के सर्विस चार्ज में संशोधन किया है. 15 फरवरी, 2026 से, 25,000 रुपए से अधिक और 1 लाख रुपए तक के ऑनलाइन एसबीआई आईएमपीएस ट्रांजेक्शन पर लगने वाला सर्विस चार्ज 2 रुपए प्लस जीएसटी होगा. 1 लाख रुपए से अधिक और 2 लाख रुपए तक के एसबीआई ऑनलाइन आईएमपीएस ट्रांजेक्शन पर अब 6 रुपए प्लस जीएसटी का शुल्क लगेगा. इसी प्रकार, 2 लाख रुपए से अधिक और 5 लाख रुपए तक की राशि के लिए ऑनलाइन आईएमपीएस ट्रांजेक्शन सर्विस चार्ज 10 रुपए प्लस जीएसटी होगा।

पीएनबी का केवाईसी अपडेट के लिए अलर्ट

पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने अपने कस्टमर्स से आरबीआई की गाइडलाइंस के अनुसार अपनी केवाईसी जानकारी को अपडेट करने का आग्रह किया है. यदि आपके खाते की केवाईसी अपडेट की तिथि 31 दिसंबर, 2025 तक है, तो पीएनबी ने अनुरोध किया है कि आप अपनी केवाईसी को 2 फरवरी, 2026 तक अपडेट कर लें. कृपया ध्यान रखें कि अपडेट न करने पर आपके खाते के संचालन पर प्रतिबंध लग सकता है।

रसोई और सफर के खर्च पर संशय

हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं. 1 फरवरी को भी सुबह-सुबह रसोई गैस के नए दाम जारी किए जा सकते हैं. पिछले कुछ महीनों के ट्रेंड पर नजर डालें तो कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव देखा गया है. पिछले महीने ही कमर्शियल सिलेंडर 14.50 रुपये सस्ता हुआ था. अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या घरेलू रसोई गैस की कीमतों में कोई राहत मिलेगी या फिर बजट के दिन महंगाई का तड़का लगेगा।

Related Posts