नईदिल्ली (ए)। आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) बाजार कोविड-19 की दूसरी लहर के कारण पिछले दो महीने तक पूरी तरह सुस्त रहने के बाद धीरे-धीरे पटरी पर लौट रहा है। इसी कड़ी में बाजार की चार कंपनियां सामूहिक रूप से 9,123 करोड़ रुपये जुटाने के लिए अगले सप्ताह अपना आईपीओ लाने जा रही हैं। इससे पहले आखिरी आईपीओ मैक्रोटेक डेवलपर्स (पहले लोढ़ा डेवलपर्स) का आया था, जो 7 अप्रैल को खुलकर 9 अप्रैल को बंद हुआ था।
श्याम मेटेलिक्स एंड एनर्जी लिमिटेड और सोना बीएलडब्ल्यू प्रिसिजन फोर्जिंग (सोना कॉमस्टार) का आईपीओ सोमवार को खुलेगा, जबकि कृष्णा इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज और डोडला डेयरी के आईपीओ बुधवार को खुलेंगे। एंजल ब्रोकिंग के इक्विटी रिसर्च एसोसिएट यश गुप्ता ने कहा कि क्लीन साइंस एंड टेक्नोलॉजी का आईपीओ जुलाई, 2021 के पहले सप्ताह में आने की उम्मीद है। इस आईपीओ का आकार 1,500 करोड़ रुपये का होगा। वहीं इंडिया पेस्टिसाइड्स का आईपीओ इसी महीने या जुलाई में आने की संभावना है।
एक्सिस सिक्योरिटीज के मुख्य निवेश अधिकारी नवीन कुलकर्णी ने कहा, ”इक्विटी बाजार नकदी से भरे हुए हैं और खुदरा भागीदारी अब तक के उच्चतम स्तर पर है। छोटी और मझोली कंपनियों के लिए धन जुटाने के लिए इससे अच्छे समय की कल्पना नहीं की जा सकती। कंपनियों के लिए आईपीओ बाजार का दोहन करना काफी स्वाभाविक है।”
कौन सी कंपनी कब ला रही है अपनी IPO
श्याम मेटलिक्स (Shayam Meatlics IPO) : कंपनी 14 जून को 909 करोड़ रुपये आईपीओ ले रही है। यह आईपीओ 16 जून तक खुला रहेगा। कंपनी ने मंगलवार को 303 रुपये से 306 रुपये तक का प्राइस बैंड तय किया है।
नवोदय एंटरप्राइजेज ( Navoday Enterprises IPO) : मार्केटिंग और इवेंट मैनेजमेंट कंपनी 14 जून को अपना आईपीओ ला रही है। यह आईपीओ 17 जून को बंद होगा। कंपनी इसके जरिए 46.08 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखी है। कंपनी ने अपना प्राइस बैंड 20 रुपये रखा है।
सोना बीएलडब्ल्यू (Sona BLW Precision IPO) : ब्लैक स्टोन ग्रुप कंपनी स्वामित्व वाली सोना बीएलडब्ल्यू या सोना कोमस्टार (Sona Comstar) भी 14 जून को अपना आईपीओ ला रही है। कंपनी ने अपना प्राइस बैंड 285 रुपये से 291 रुपये तक रखा है। कंपनी इसके जरिए 5,500 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा है।
सोना काॅमस्टार IPO: वाहन कलपुर्जा कंपनी सोना बीएलडब्ल्यू प्रीसिशन फोर्जिंग्स (सोना कॉमस्टार) ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) से पहले एंकर निवेशकों से 2,498 करोड़ रुपये जुटाए हैं।कंपनी के आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 285 से 291 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। आईपीओ 14 जून को खुलकर 16 जून को बंद होगा।















