नईदिल्ली (ए)। एजबेस्टन में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच को न्यूजीलैंड की टीम ने इंग्लैंड को 8 विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ ही कीवी टीम ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज पर भी 1-0 से कब्जा कर लिया है। न्यूजीलैंड की टीम ने साल 1999 के बाद इंग्लैंड की सरजमीं पर टेस्ट सीरीज को अपने नाम किया है। दूसरे टेस्ट को जीतकर न्यूजीलैंड आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में भी नंबर वन टीम बन गई है। इंग्लिश टीम ने न्यूजीलैंड के सामने दूसरी इनिंग में 38 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसको टीम ने महज 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। लॉर्ड्स में खेले गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ पर छूटा था। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों ने परिस्थितियों का बखूबी फायदा उठाया और दूसरी पारी में इंग्लैंड को महज 122 रनों पर समेट दिया।

मैच में छह विकेट अपने नाम करने वाले न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इंग्लैंड ने पहली पारी में 303 रन बनाए थे, जिसके जवाब में कीवी टीम डेवोन कॉनवे (80) और अनुभवी बल्लेबाज रॉस टेलर (80) की पारियों की बदौलत 388 रन बनाकर ऑलआउट हुई थी। इसके बाद दूसरी पारी में न्यूजीलैंड के तिकड़ी मैन हेनरी, ट्रेंट बोल्ट और नील वैगनर ने गेंद से कहर बरपाते हुए इंग्लिश टीम को महज 122 रनों पर ढेर कर दिया। इंग्लैंड की ओर से तेज गेंदबाज मार्क वुड ने दूसरी इनिंग में सबसे ज्यादा रन बनाए। हेनरी और वैगनर ने तीन-तीन और बोल्ट ने 2 विकेट झटके।
दूसरी पारी में 38 रनों का लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की टीम ने 6 रन के स्कोर पर डेवोन कॉनवे (3) के रूप में अपना पहला विकेट गंवाया। इसके बाद ओली स्टोन ने विल यंग को भी 8 रनों के स्कोर पर चलता किया। हालांकि, इसके बाद कप्तान टॉम लैंथम (नॉटआउट 23) और रॉस टेलर (नाबाद 0) ने टीम को कोई और झटका नहीं लगने दिया। इंग्लैंड की ओर से पहली पारी में रोरी बर्न्स ने शानदार 81 रनों की पारी खेली थी, जबकि लॉरेंस ने नाबाद 81 रन बनाए थे। गेंदबाजी में इंग्लैंड की तरफ से स्टुअर्ट ब्रॉड ने 5 और ओली स्टोन ने तीन विकेट चटकाए।















