भिलाई। अभिषेक शांडिल्य ने आज दिनांक 23 जनवरी 2026 को पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज के पद का विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग द्वारा उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएँ दी गईं।
पदभार ग्रहण उपरांत अभिषेक शांडिल्य द्वारा उपस्थित अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर दुर्ग रेंज की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं समग्र पुलिसिंग से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। उन्होंने आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील, निष्पक्ष एवं प्रभावी पुलिसिंग को प्राथमिकता देने की बात कही तथा बेहतर समन्वय एवं कार्यकुशलता पर विशेष जोर दिया।
अभिषेक शांडिल्य छत्तीसगढ़ कैडर के 2007 बैच के आईपीएस है। वे बिहार के रहने वाले है। उन्होंने बीटेक करने के बाद एमटेक की डिग्री ली है।
अभिषेक शांडिल्य ने 10 दिसंबर 2007 को आईपीएस की सर्विस ज्वाइन की है। लाल बहादुर शास्त्री अकादमी में ट्रेनिंग खत्म करने के बाद वे छत्तीसगढ़ आए। छत्तीसगढ़ में वे सुकमा, बलौदा बाजार जिलों के एसपी रहे। राज्यपाल के एडीसी रहते हुए वे सितंबर 2018 में सीबीआई में एसपी के पद पर प्रतिनियुक्ति पर गए।
ऐसा कम ही होता है कि जिस कैडर के आईपीएस होते है उन्हें उसी कैडर में उनका डेपुटेशन के दौरान पोस्टिंग दी जाए लेकिन सीबीआई में पदस्थ होने के साथ ही अभिषेक शांडिल्य को छत्तीसगढ़ में ही पोस्टिंग दी गई थी। वह छत्तीसगढ़ सीबीआई के मुख्यालय भिलाई में एसपी के पद पर पदस्थ थे।
आज पोस्टिंग अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मणि शंकर चंद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) ऋचा मिश्रा सहित दुर्ग रेंज के समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं कार्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहे।
















