BREAKING

खास खबरफीचर्डविविध

न्यूजीलैंड ने भारत को सात विकेट से हराया, मिचेल के शतक से सीरीज 1-1 की बराबरी पर पहुंचा

डेरिल मिचेल और विल यंग की शानदार पारियों के दम पर न्यूजीलैंड ने भारत को दूसरे वनडे में हराया। दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की सीरीज 1-1 की बराबरी पर पहुंच गई है। इस मैच में भारत की गेंदबाजी काफी खराब रही…

 

 

राजकोट (ए)। डेरिल मिचेल के नाबाद शतकीय पारी और विल यंग तथा ग्लेन फिलिप्स की शानदार पारियों से न्यूजीलैंड ने दूसरे वनडे में भारत को सात विकेट से हराया। भारत ने केएल राहुल के शतक की बदौलत 50 ओवर में सात विकेट पर 284 रन बनाए।

न्यूजीलैंड ने मिचेल के 117 गेंदों पर 11 चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 131 रन की मदद से 47.3 ओवर में तीन विकेट पर 286 रन बनाकर मैच जीता। फिलहाल दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की सीरीज 1-1 की बराबरी पर पहुंच गई है।

लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड ने दो विकेट जल्द गंवा दिए थे, लेकिन इसके बाद मिचेल और विल यंग ने तीसरे विकेट के लिए 162 रनों की साझेदारी कर मैच का रुख पलट दिया। यंग शतक लगाने से चूक गए और 98 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 87 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद मिचेल ने ग्लेन फिलिप्स के साथ पारी आगे बढ़ाई और मैच समाप्त किया। फिलिप्स 25 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 32 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत के लिए हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिले।

केएल राहुल की नाबाद शतकीय पारी के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड के सामने 285 रनों का लक्ष्य रखा है। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। केएल राहुल ने 92 गेंदों पर 11 चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 112 रन बनाए जिसके दम पर भारत ने 50 ओवर में सात विकेट पर 284 रन बनाए। भारत के लिए राहुल के अलावा शुभमन गिल ने 56 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सके।

भारत के लिए राहुल और गिल के अलावा रवींद्र जडेजा ने 27, रोहित शर्मा ने 24, विराट कोहली ने 23, नीतीश कुमार रेड्डी ने 20, श्रेयस अय्यर ने आठ और हर्षित राणा ने दो रन बनाए। मोहम्मद सिराज दो रन बनाकर नाबाद रहे। न्यूजीलैंड के लिए क्रिस्टन क्लार्क ने तीन विकेट झटके, जबकि काइल जैमिसन, जकारी फोक्स, जेडन लोनोक्स और माइकल ब्रेसवेल को एक-एक सफलता मिली।

Related Posts