BREAKING

खास खबरफीचर्डविविध

भारत ने पहले टी20 मैच में दक्षिण अफ्रीका को 101 रनों से हराया, 1- 0 की बनाई बढ़त

दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने भारत के खिलाफ पहले टी20 मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस दौरान बताया कि संजू सैमसन, वाशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा और कुलदीप यादव इस मैच में नहीं खेल रहे। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इस सीरीज से वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल और अनुभवी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की मैदान पर वापसी हुई। ये दोनों खिलाड़ी चोट के कारण पिछले कुछ समय से मैदान से बाहर थे…

 

कटक (ए)। गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने दक्षिण अफ्रीका को कटक में खेले गए पहले टी20 मैच में 101 रनों के बड़े अंतर से हराया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए हार्दिक पांड्या के नाबाद अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में छह विकेट पर 175 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की पूरी टीम 12.3 ओवर में 74 रन पर ढेर हो गई। भारत ने इस तरह बड़ी जीत दर्ज करते हुए पांच मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।

लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने पावरप्ले में ही तीन विकेट गंवा दिए। दक्षिण अफ्रीका ने इसके बाद नियमित रूप से विकेट गंवाए और उसका कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी इतनी खराब रही कि उसके सिर्फ चार बल्लेबाज दहाई अंक का आंकड़ा छू सके।

दक्षिण अफ्रीका के लिए डेवाल्ड ब्रेविस ने सबसे ज्यादा 22 रन बनाए, जबकि कप्तान एडेन मार्करम ने 14, ट्रिस्टन स्टब्स ने 14 और मार्को यानसेन ने 12 रन बनाए। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल को दो-दो विकेट मिले। वहीं, शिवम दुबे और हार्दिक पांड्या को एक-एक सफलता मिली। दिलचस्प बात यह रही कि भारत के सभी गेंदबाजों को सफलताएं मिली। इस दौरान बुमराह ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 विकेट पूरे किए और वह ऐसा करने वाले अर्शदीप के बाद भारत के दूसरे गेंदबाज बने।

हार्दिक पांड्या की शानदार अर्धशतकीय पारी के दम पर भारत ने दक्षिण अफ्रीका के सामने पहले टी20 मैच में 176 रनों का लक्ष्य रखा है। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया, भारत ने हार्दिक के 28 गेंदों पर छह चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 59 रन बनाए जिससे भारत ने 20 ओवर में छह विकेट पर 175 रन बनाए। भारत के लिए हार्दिक के अलावा अन्य कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।

भारत के लिए हार्दिक के अलावा तिलक वर्मा ने 26, अक्षर पटेल ने 23, अभिषेक शर्मा ने 17, कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 12 और शिवम दुबे ने 10 रन बनाए। वहीं, जितेश शर्मा 10 रन बनाकर नाबाद रहे। दक्षिण अफ्रीका की ओर से लुंगी एनगिडी ने तीन विकेट लिए, जबकि लुथो सिपाम्ला को दो और डोनोवान फरेरा को एक विकेट मिला।

Related Posts