BREAKING

दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

दुर्ग में प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन 04 दिसंबर को, निजी क्षेत्र के 530 पदों पर होगी भर्ती

दुर्ग। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र मालवीय नगर चौक दुर्ग में 04 दिसंबर 2025 को प्रातः 10.30 बजे से प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जाएगा। इस प्लेसमेंट कैम्प में 530 रिक्त पदों हेतु भर्ती प्रक्रिया की जायेगी। जिसमें कायरोस सिक्युरिटी, हेल्थ एवं कम्पोजिट सर्विस प्रा० लि० हैदराबाद के सिक्युरिटी गार्ड एवं सिक्युरिटी सुपरवाईजर, हाउस कीपिंग एवं मुथुत माइकोफाइन लि. छत्तीसगढ़ के रिलेशनशिप ओफिसर एवं ब्रांच क्रेडिट मेनेजर इत्यादि पद शामिल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त पदों हेतु वेतन 16 हजार से 25 हजार रूपए तक है जिसके लिए 10वीं, 12वीं एवं कोई भी स्नातक शैक्षणिक योग्यताधारी आवेदक उक्त प्लेसमेंट कैम्प में सम्मिलित हो सकतें है।

विस्तृत जानकारी erojgar.cg.gov.in, chhattisgarh rozgar app अथवा रोजगार कार्यालय के सूचना पटल के माध्यम से प्राप्त कर सकते है।

जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र दुर्ग से मिली जानकारी अनुसार इच्छुक आवेदक समस्त शैक्षणिक मूल प्रमाण/अंकसूची, पहचान पत्र (मतदाता परिचय पत्रध्आधार कार्ड/पेनकार्ड/ड्रायविंग लाइसेंस/राशन कार्ड), रोजगार कार्यालय का पंजीयन पत्रक, छ.ग. निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र समस्त दस्तावेजों की (छायाप्रति) के साथ प्लेसमेंट रोजगार मेला में उपस्थित हो सकते हैं।

एनएचएम अंतर्गत सोशल वर्कर की भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और नियमसंगत: कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला दुर्ग द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत सोशल वर्कर-एनएमएचपी के पद पर भर्ती हेतु विज्ञापन जारी किया गया था। विज्ञापन में यह स्पष्ट किया था कि सोशल वर्कर पद के लिए शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के आधार पर एमफिल साईकाईट्रिक सोशल वर्क की अर्हता रखने वालों को वरीयता (प्राथमिकता) दी जाएगी। इस प्राथमिकता के अनुरूप, 06 जून 2025 को जारी मेरिट सूची में एमफिल अर्हताधारी उम्मीदवार को प्रथम स्थान पर रखा गया था।

कौशल परीक्षा के बाद, चयन समिति ने विज्ञापन के नियमों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने के लिए 18 नवंबर 2025 को जारी की गई सोशल वर्कर की चयन सूची को संशोधित किया। इस संशोधित सूची में यह स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि भर्ती विज्ञापन की शर्तों के अनुसार एमफिल साइकाईट्रिक सोशल वर्क को चयन सूची में वरीयता दी गई है। यह संशोधन दर्शाता है कि भर्ती प्रक्रिया में तथ्यों और योग्यता पर पूरा ध्यान दिया गया है।

इसके अतिरिक्त, सरल क्रमांक 04 और 05 के तहत अन्य क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट पदों की चयन प्रक्रिया में भी इसी वरीयता के आधार का पालन किया गया है, जिसकी सूची विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है। इस प्रकार, पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी और नियमसंगत रही है।

जिला बाल संरक्षण इकाई में रिक्त पदों (संविदा) की पूर्ति हेतु आवेदन आमंत्रित: महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत संचालित जिला बाल संरक्षण इकाई जिला दुर्ग में मिशन वात्सल्य के तहत रिक्त पदों हेतु संचालक, महिला एवं बाल विकास विभाग (आईसीपीएस) से प्राप्त स्वीकृति के अनुरूप संविदा भर्ती हेतु पात्र आवेदकों से 15 दिसम्बर 2025 तक केवल स्पीड पोस्ट के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किए जाते हैं।

उल्लेखनीय है कि जिला बाल संरक्षण इकाई में रिक्त विभिन्न पदों की पूर्ति हेतु राज्य शासन द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई। उपरोक्त स्वीकृति के अनुक्रम में जिला बाल संरक्षण इकाई में जिला बाल संरक्षण अधिकारी, संरक्षण अधिकारी (गैर संस्थागत देखभाल), विधिक सह परिवीक्षा अधिकारी, लेखापाल, आउटरीच वर्कर के रिक्त पदों की पूर्ति हेतु विज्ञापन जारी किया गया है।

जारी विज्ञापन में आवश्यक शैक्षणिक योग्यता एवं अनुभव संबंधी विस्तृत विवरण भी जारी किया गया है। यह विज्ञापन दुर्ग जिले की वेबसाईट www.durg.gov.in पर उपलब्ध है। विज्ञापन में भर्ती प्रक्रिया संबंधी संपूर्ण जानकारी तथा आवेदन पत्र का प्रारूप भी उपलब्ध है। यह समस्त जानकारी उपरोक्त वेबसाईट पर जाकर डाउनलोड की जा सकती है।

Related Posts