BREAKING

खास खबरछत्तीसगढ़फीचर्ड

DGP-IG कॉन्फ्रेंस में शामिल होने गृहमंत्री अमित शाह पहुंचे रायपुर, मुख्यमंत्री ने किया आत्मीय स्वागत

रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के रायपुर आगमन पर स्वामी विवेकानंद विमानतल में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आत्मीय स्वागत किया।

नवा रायपुर स्थित IIM परिसर में होने वाली DGP-IG कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह गुरुवार रात रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनका स्वागत किया। यह सम्मेलन 28 से 30 नवंबर तक आयोजित होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल भी मौजूद रहेंगे। देशभर से करीब 600 अधिकारी और VIP इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।

प्रोटोकॉल में बदलाव के कारण अमित शाह शुक्रवार सुबह आने की जगह गुरुवार रात ही विशेष विमान से रायपुर पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, 28 नवंबर की रात रायपुर पहुंचेंगे। PM को नए स्पीकर हाउस M-1 में और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को वित्त मंत्री आवास M-11 में ठहराया जाएगा।

राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल शुक्रवार सुबह रायपुर आएंगे। सम्मेलन में पहली बार SP रैंक के अधिकारियों को भी शामिल किया जा रहा है, जिनके लिए विशेष रूप से बैठक में सीटें लगाई जाएंगी। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए माना एयरपोर्ट का आगमन गेट तीन दिनों के लिए आम यात्रियों के लिए बंद किया गया है और यात्रियों से गेट-2 का उपयोग करने का आग्रह किया गया है। सम्मेलन के दौरान नया रायपुर में भारी वाहनों की एंट्री बैन रहेगी।

अधिकारियों का रायपुर पहुंचना शुरू हो चुका है। उनके लिए 400 से अधिक निजी गाड़ियां बुक की गई हैं और आवश्यकता पड़ने पर महाराष्ट्र पासिंग टैक्सियां भी मंगाई गई हैं। प्रोटोकॉल के तहत होने वाली रिहर्सल दो दिनों तक चली, जिसे गुरुवार को पूरा कर लिया गया।

दूसरी ओर इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) ने 6 लेवल्स पर कॉन्फ्रेंस के लिए पास जारी किए हैं। वहीं स्थानीय प्रशासन ने 4 तरह के पास जारी किए हैं। बड़े स्तर के अधिकारियों से लेकर एसआई लेवल के लगभग 300 पुलिसकर्मी अटैच होंगे। इनमें से 250 ट्रेनी SI हैं। ये पुलिसकर्मी 3 दिनों तक बड़े अधिकारियों के साथ ही रहेंगे।

इसके अलावा 1000 से ज्यादा अन्य स्टाफ होगा, इनमें कैटरर्स, इलेक्ट्रिक और प्लम्बर जैसे प्रोफेशनल शामिल होंगे। DGP-IG कॉन्फ्रेंस को लेकर नया रायपुर सील रहेगा। अधिकारी हो या कोई अन्य सभी काे थ्री लेयर सुरक्षा व्यवस्था से होकर ही गुजरना पड़ेगा।

कॉन्फ्रेंस में सभी राज्य अपराध नियंत्रण संबंधी प्रयासों पर प्रेजेंटेशन देंगे। एक मॉडल स्टेट चुनकर कॉमन गाइडलाइन जारी हो सकेगी। पिछले साल 2024 में DGP-IG कॉन्फ्रेंस ओडिशा के भुवनेश्वर में हुआ था। इसमें पीएम मोदी ने हिस्सा लिया था।

छत्तीसगढ़ पहली बार इस प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी कर रहा है, जो राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

Related Posts