दुर्ग। गत दिवस कलेक्टर अभिजीत सिंह द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य की प्रगति के संबंध में विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि समस्त मतदाता अपना गणना पत्रक अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना शीघ्र भरकर अपने बीएलओ को सौंप दें।
गणना पत्रक जमा करने के बाद बीएलओ द्वारा उसे ऑनलाइन अपलोड किया जाता है, जिसमें समय लगता है। अतः किसी भी असुविधा से बचने हेतु शीघ्र गणना पत्रक भरकर बीएलओ को अवश्य जमा करें।
सामान्य सभा की बैठक 28 नवम्बर को: जिला पंचायत दुर्ग की सामान्य सभा की बैठक 28 नवम्बर को जिला पंचायत के सभाकक्ष में दोपहर 12 बजे आयोजित की गई है। बैठक में आदिवासी विकास विभाग, वन विभाग, पर्यावरण विभाग, खाद्य विभाग, धान खरीदी की तैयारी एवं अन्य विषयों पर समीक्षा की जाएगी।
उत्कृष्ठ कार्य के लिए बीएलओ होंगे सम्मानित: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण अहर्ता तिथि 01.01.2026 के संदर्भ में पुनरीक्षण का कार्य संपादित कराया जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर के अतिमहत्वपूर्ण कार्य में जिले में विधानसभावार मतदान केंद्रों के लिये नियुक्त बूथ लेवल अधिकारियों के द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरण कर उसे विधिवत भरवाकर मतदाताओं से वापस प्राप्त कर डिजिटाइजेशन का कार्य किया जा रहा है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अभिजीत सिंह ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार जिले के बूथ लेवल अधिकारी के द्वारा आज 26 नवम्बर 2025 तक शत-प्रतिशत मतदाताओं से गणना प्रपत्र प्राप्त करके डिजिटाइजेशन का कार्य पूर्ण कर लिए जाने पर उनके इस सराहनीय कार्य के लिये उन्हें सम्मानित कर प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
















