
रायपुर। 21 मई को अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जैव विविधता की पांच श्रेणियों में राज्य स्तरीय पुरस्कार प्राप्त करने वाली संस्थाओं और व्यक्तियों को ऑनलाइन सम्मानित किया साथ ही इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य जैव विविधता बोर्ड द्वारा निर्मित डाक्यूमेंट्री फिल्म ‘मेहमान परिंदे‘ का लोकार्पण किया। बोर्ड द्वारा ही प्रकाशित फ्लोरल डायर्वसिटी ऑफ छत्तीसगढ़, बटरफ्लाई ऑफ भोरमदेव वाईल्ड लाईफ‘ और ‘स्नेक्स एण्ड अदर रेपटाईल्स ऑफ छत्तीसगढ़‘ पुस्तकों का विमोचन भी किया। उन्होंने इस अवसर पर सभी लोगों को अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस की बधाई दी।
अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर आयोजित कार्यक्रम में जैव विविधता की पांच श्रेणियों में जिन व्यक्तियों और संस्थाओं को राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किया गया। इनमें वन्यप्राणियों के संरक्षण श्रेणी के अंतर्गत ‘रायपुर सर्प संरक्षण समूह‘ तथा धमतरी वाईल्ड लाईफ फेयर सोसायटी और नोवा नेचर वाईल्ड लाईफ सोसायटी शामिल है। इसी तरह पालतू प्रजातियों के संरक्षण श्रेणी में राज्य पुलिस श्वान प्रशिक्षण केन्द्र 7वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, भिलाई, जैव संसाधनों का पोषणीय उपयोग श्रेणी में प्रभात दुबे अंबिकापुर, सभ्यता, संस्कृति एवं धरोहर से जैव विविधता संरक्षण श्रेणी में जंगोरायतार विद्या केतुल शिक्षण संस्था एवं नैसर्गिक पर्यावरण शिक्षा निकेतन ज्ञान बाडा दमकसा और श्रेष्ठ जैव विविधता प्रबंधन समिति में जैव विविधता समिति गिधवा एवं जैव विविधता प्रबंधन समिति परसदा शामिल हैं।











