BREAKING

खास खबरछत्तीसगढ़देश-दुनियाफीचर्ड

छत्तीसगढ़ सहित कई राज्यों में शीतलहर की चेतावनी, दक्षिण में भारी बारिश की संभावना

अगले एक सप्ताह के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्व भारत में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन ठंड की तीव्रता बनी रहेगी। वहीं बीते दिन पंजाब के आदमपुर में सबसे न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है…

 

नईदिल्ली (ए)। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में देश के कई हिस्‍सों में ठंड और तेज होने चेतावनी जारी की। मौसम विभाग के अनुसार, 15 नवंबर तक मध्‍य प्रदेश, दक्षिण हरियाणा, उत्तर-पूर्वी राजस्‍थान और छत्‍तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों में शीतलहर की स्थिति बने रहने की संभावना है।

वहीं, तमिलनाडु, केरल और माहे में एक-दो दिन भारी बारिश के आसार हैं। विभाग ने कहा कि पिछले 24 घंटे में पश्चिम मध्‍य प्रदेश के कई हिस्‍सों में भीषण ठंड की स्थिति रही, जबकि पूर्व मध्‍य प्रदेश, हरियाणा और छत्‍तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भी तापमान सामान्‍य से काफी नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में बीते 24 घंटे में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है, लेकिन न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया गया। राजधानी में अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री और न्यूनतम 10 से 11 डिग्री के बीच रहा। सफदरजंग और पालम हवाई अड्डे पर सुबह के समय 600 से 700 मीटर तक की दृश्यता दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले चार दिनों (11 से 14 नवंबर) तक दिल्ली में साफ आसमान रहेगा, सुबह के समय हल्की धुंध या कोहरा छाएगा और दिन में उत्तर-पश्चिम दिशा से चलने वाली हवाएं ठंडक बढ़ाएंगी। अधिकतम तापमान 25 से 28 डिग्री और न्यूनतम 9 से 12 डिग्री के बीच रहेगा।

मौसम विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में मध्‍य प्रदेश में 12-13 नवंबर को गंभीर शीतलहर की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा 13 से 15 नवंबर के दौरान छत्तीसगढ़, दक्षिण हरियाणा और उत्तर-पूर्वी राजस्थान में भी तापमान गिरने के आसार हैं। विभाग ने कहा कि अगले एक सप्ताह के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्व भारत में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन ठंड की तीव्रता बनी रहेगी। वहीं बीते दिन पंजाब के आदमपुर में सबसे न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है।

दक्षिण भारत में तमिलनाडु और केरल में बने दो चक्रवाती परिसंचरणों के कारण कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। तमिलनाडु में आज भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे धान और मूंगफली की फसल की कटाई केवल साफ मौसम में करें और फसल को सुरक्षित स्थान पर रखें। खेतों में जलभराव रोकने के उपाय करें और केले के पौधों को सहारा दें ताकि तेज हवाओं में वे गिरें नहीं।

Related Posts