बिहार में दो चरणों के तहत विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। इसमें पहले चरण का मतदान हो गया है, जबकि दूसरे चरण के लिए मतदान बाकी है। दूसरे चरण का चुनाव प्रचार भी अब समाप्त हो चुका है। मंगलवार को दूसरे चरण के लिए मतदान होना है…
पटना (ए)। बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर घमासान तेज हो गया है। यहां गुरुवार को पहले चरण का मतदान खत्म हो गया है। इसके अलावा अब दूसरे चरण के मतदान पर सबकी निगाहें हैं। दूसरे चरण के लिए चुनावी प्रचार थम चुका है। ऐसे में अब मंगलवार को दूसरे चरण के लिए मतदान होगा। हालांकि अब चुनाव प्रचार पूरी तरह से थम जाने के बाद भी बिहार में कहां-क्या हो रहा है, ये जानने के लिए यहां जुड़े रहें।
पहले चरण में बिहार में करीब 65 प्रतिशत मतदान हुआ था, जो बिहार के लिए अब तक का सबसे अधिक प्रतिशत वाला मतदान रहा है। आज दिन भर बिहार में चुनाव प्रचार पर रोक लगी रहेगी, जिसके बाद कल सुबह से ही मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे।
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए दूसरे चरण का चुनाव प्रचार रविवार को समाप्त हो गया। मंगलवार को 122 विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। ऐसे में वोटिंग को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की टीम और सुरक्षा बलों की भी तैनाती की गई है।
बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार ने रविवार को कहा कि विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान को लेकर सुरक्षा इंतज़ाम पूरी तरह से पुख्ता कर दिए गए हैं। पहले चरण की तुलना में इस बार सुरक्षा व्यवस्था और अधिक कड़ी की गई है। डीजीपी ने बताया कि 11 नवंबर को होने वाले दूसरे चरण के मतदान के लिए सभी जिलों में सुरक्षा बलों की व्यापक तैनाती की गई है।
इस चरण में 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। इनमें कई जिले अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय सीमाओं से सटे हैं, जिसके चलते अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। कुमार ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा से सटे सात जिलों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। वहीं, झारखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल की सीमाओं से लगे जिलों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा को शनिवार से पूरी तरह सील कर दिया गया है, जबकि अंतरराज्यीय सीमाएं रविवार शाम तक बंद कर दी जाएंगी। डीजीपी ने कहा कि दूसरे चरण में केंद्रीय सुरक्षा बलों की कुल 1,650 कंपनियां तैनात की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त राज्य पुलिस बल की अतिरिक्त टुकड़ियां भी प्रत्येक जिले में भेजी गई हैं ताकि हर मतदान केंद्र पर शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित किया जा सके।
















