BREAKING

खास खबरफीचर्डविविध

घर में टी20 अंतरराष्ट्रीय के दूसरे सबसे छोटे स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया ऑल आउट, भारत सीरीज में 2-1 से आगे

168 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई और 18.2 ओवर में सिर्फ 119 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से कप्तान मिचेल मार्श (30) ही 30 रन का आंकड़ा छू सके, जबकि मैथ्यू शॉर्ट (25) ने शुरुआत में कुछ आक्रामक शॉट लगाए। अक्षर पटेल ने शॉर्ट को एलबीडब्ल्यू आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई…

 

नईदिल्ली (ए)। भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को क्वींसलैंड में खेले गए चौथे टी20 मैच में 48 रन से हराकर सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली। भारतीय टीम के दिए 168 रन के लक्ष्य के जवाब में ऑस्ट्रेलिया 18.2 ओवर में 119 रन पर सिमट गई।

ऑस्ट्रेलिया के लिए पारी की शुरुआत करने उतरे कप्तान मिशेल मार्श 30 और मैट शॉर्ट 25 के अलावा सारे बल्लेबाज फ्लॉप रहे। आखिरी पांच बल्लेबाज दो अंकों में भी नहीं पहुंच सके। ऑस्ट्रेलिया को 119 रन पर समेटने में भारतीय स्पिन गेंदबाजों का अहम योगदान रहा। वाशिंगटन सुंदर ने 1.2 ओवर में 3 रन देकर 3 विकेट लिए। अक्षर पटेल ने 2 जबकि वरुण चक्रवर्ती ने 1 विकेट लिए। शिवम दुबे ने भी 2 विकेट लिए। तेज गेंदबाजों अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह को 1-1 विकेट मिले।

ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा ने अच्छी शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 56 रन जोड़े। अभिषेक 21 गेंद पर 28 रन बनाकर पहले विकेट के रूप में आउट हुए। इसके बाद निरंतर अंतराल पर विकेट गिरते रहे। इसका परिणाम यह हुआ कि टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 167 रन ही बना सकी। शुभमन गिल 39 गेंद पर 46 रन बनाकर श्रेष्ठ स्कोरर रहे।शिवम दुबे ने 22, कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 20 और अक्षर पटेल ने नाबाद 21 रन बनाए।

ऑस्ट्रेलिया के लिए नाथन एलिस ने 4 ओवर में 21 रन देकर 3 विकेट लिए। एडम जांपा मंहगे रहे। उन्होंने 3 विकेट लिए लेकिन 4 ओवर में 45 रन लुटाए। जेवियर बार्टलेट और मार्क्स स्टॉयनिस को 1-1 विकेट मिले।

पांच टी20 मैचों की सीरीज में भारतीय टीम 2-1 से आगे हो गई है। सीरीज का पहला मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था। सीरीज का पांचवां और आखिरी मैच शनिवार को खेला जाएगा।

पांच मैचों की सीरीज के चौथे मुकाबले में मेजबान ऑस्ट्रेलिया अपने घर में टी20 अंतरराष्ट्रीय के दूसरे सबसे छोटे स्कोर पर ऑलआउट हो गई। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया 2022 में सिडनी में न्यूजीलैंड के खिलाफ 111 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई थी। वहीं, भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्हीं की सरजमीं पर दूसरा सबसे बड़ा लक्ष्य सफलतापूर्व डिफेंड किया। इससे पहले 2020 में भारत ने 162 रनों का लक्ष्य डिफेंड किया था।

Related Posts