नई दिल्ली (ए)। भारतीय क्रिकेट के दिग्गज राहुल द्रविड़ के बारे में पुष्टि हो चुकी है कि आगामी श्रीलंका दौरे पर भारतीय सीनियर टीम के कोच होंगे। ऐसा इसलिए क्योंकि भारतीय टीम के हेड कोच रवि शास्त्री, भरत अरुण और विक्रम राठौड़ तब इंग्लैंड में रहेंगे। बीसीसीआई अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। वैसे, यह पहला मौका नहीं होगा कि राहुल द्रविड़ सीनियर भारतीय टीम के साथ सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा बनेंगे। 2014 इंग्लैंड दौरे के दौरान, द्रविड़ बल्लेबाजी सलाहकार के रूप में खिलाड़ियों के साथ गए थे।श्रीलंका का दौरा करने वाली भारतीय टीम में सफेद गेंद विशेषज्ञ और युवा खिलाड़ी होंगे, जबकि विराट कोहली, रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह और सीनियर टीम इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज में व्यस्त होगी। यह जानते हुए कि द्रविड़ ने भारत ए और भारतीय अंडर-19 के दिनों में कई युवाओं के साथ काम किया है, तो उनकी खिलाड़ियों के साथ संयोजन बैठने की पूरी उम्मीद है।
बता दें कि राहुल द्रविड़ भारत के सबसे सम्मानित क्रिकेटरों में से एक हैं और उनकी कोचिंग पद्यति ने जूनियर क्रिकेटरों को बहुत फायदा पहुंचाया है। द्रविड़ के पास भारतीय टीम के पूर्ण-कालिक कोच बने का मौका था, लेकिन अनिल कुंबले के जाने के बाद उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया। ध्यान दिला दें कि अपने खेलने वाले दिनों में द वॉल के नाम से मशहूर राहुल द्रविड़ इस समय राष्ट्रीय क्रिकेट एकेडमी (एनसीए) के निदेशक के रूप में काम कर रहे हैं। वर्तमान में टीम इंडिया के कोच रवि शास्त्री का कार्यकाल इसी वर्ष टी20 विश्व कप तक है, इनके बाद राहुल द्रविड़ को बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।
श्रीलंका दौरे पर द्रविड़ से उम्मीद की जा रही है कि वह एनसीए के अपने कुछ साथियों को सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा बनाकर लेकर जाएंगे। भारतीय टीम अगले महीने श्रीलंका दौरे पर रवाना होगी, जहां वो तीन वनडे और तीन टी20 इंटरनेशनल मैच खेलेगी। भारतीय टीम को उपमहाद्वीप देश में जाने और आने से पहले पृथकवास रहने की जरूरत है। इस सीरीज की शुरूआत 13 जुलाई को होगी और आखिरी मुकाबला 27 को खेले जाने की उम्मीद है।














