भारत और दक्षिण अफ्रीका के लिए फाइनल में पहुंचना आसान नहीं था क्योंकि दोनों ही टीमों के सामने सेमीफाइनल में कड़ी चुनौती थी। दक्षिण अफ्रीका का सामना जहां सेमीफाइनल में इंग्लैंड से था तो वहीं भारत के सामने सात बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई टीम थी…
मुंबई (ए)। महिला वनडे विश्व कप अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है और खिताब के लिए कौन सी दो टीमें आमने-सामने होंगी ये तय हो गया है। आज रविवार को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमों के बीच टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इन दोनों ही टीमों ने कभी विश्व कप का खिताब नहीं जीता है, इसलिए ये तय है कि इस बार महिला क्रिकेट को नया चैंपियन मिलेगा।
भारत विश्व कप में अपना तीसरा फाइनल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलने को तैयार है। दोनों देशों के बीच 34 वनडे मैचों 20 जीत के साथ भारत का पलड़ा भारी है लेकिन विश्व कप में मुकाबला बराबरी का है। वनडे विश्व कप के छह मैचों में भारत के नाम तीन जीत हैं लेकिन दक्षिण अफ्रीका ने पिछले तीनों मैच में भारत को शिकस्त दी है। दक्षिण अफ्रीका इकलौती ऐसी टीम है जिसे भारत ने 2017 से इस वैश्विक आयोजन में नहीं हराया है। विश्व कप के इतिहास में इससे ज्यादा बार लगातार मैचों में ऑस्ट्रेलिया (आठ) और न्यूजीलैंड (पांच) ने भारत को हराया है। भारतीय टीम ऐसे में फाइनल में दक्षिण अफ्रीका से विश्व कप में मिली लगातार तीन हार का बदला भी चुकता करना चाहेगी।














