BREAKING

घर-परिवार

आलू-प्याज नहीं इस बारिश ट्राई करें अरबी के पत्तों के पकौड़े, स्वाद ऐसा नॉर्मल पकौड़े खाना भूल जाएंगे

नईदिल्ली (ए)। बारिश के मौसम में चाय के साथ लोग अक्सर पकौड़े खाना बहुत पसंद करते हैं। यूं तो पकौड़े कई तरह से बनाए जाते हैं जैसे कि आलू, प्याज, पालक और पनीर। लेकिन इस बार जब कभी आप किचन में पकौड़े बनाने जाएं तो साधारण आलू-प्याज नहीं बल्कि एकदम अलग तरह के पकौड़े ट्राई करें। जी हां अरबी के पत्तों के पकौड़े। यह पकौड़े खाने में तो स्वादिष्ट होते ही हैं साथ ही सेहत के लिए बेहद फायदेमंद हैं। तो आइए जानते हैं कैसे बनाए जाते हैं ये टेस्टी पकौड़े।

अरबी के पत्तों के पकौड़े बनाने के लिए सामग्री-
-4-5 अरबी के पत्ते
– दो कप बेसन
– 7-8 लहसुन की कलियां
– प्याज स्लाइस में कटा हुआ
– 3-4 हरी मिर्च
– आधा चम्मच लाल मिर्च
– आधा चम्मच धनिया पाउडर
– आधा चम्मच हल्दी पाउडर
– नमक स्वादानुसार
-तेल फ्राई करने के लिए

अरबी के पत्तों के पकौड़े बनाने की विधि-
अरबी के पत्तों के पकौड़े बनाने के लिए सबसे पहले प्याज, लहसुन और हरी मिर्च को पीसकर उसका पेस्ट तैयार कर लें। अरबी के पत्तों को अच्छी तरह से धोएं और सूखने दें। अब एक बर्तन में बेसन निकालें और इसमें लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर और नमक डालें। इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा सा पेस्ट बनाएं। अब इस गाढ़े घोल को अरबी के पत्तों पर डालें। इसके बाद पत्तों को गोल मोड़ते हुए रोल बना लें और एक धागे से बांध दें। अब एक बर्तन में पानी गर्म होने के लिए रखें।  जब पानी गर्म हो जाए तो उस पर स्टील की बड़ी छलनी रखें। उस छलनी पर पत्तों के रोल रखें और एक प्लेट से ढककर स्टीम में पकाएं। स्टीम्ड पत्तों को गोल टुकड़ों में काट लें। एक कढ़ाई में तेल गर्म करें और इन टुकड़ों को फ्राई कर लें। अरबी के पत्तों के गर्मागर्म पकौड़े बनकर तैयार हैं, इन्हें हरी चटनी के साथ परोसें।

अरबी के पत्तों के पकौड़े के साथ सर्व करने के लिए चटनी-
चटनी बनाने के लिए एक टमाटर काटें, उसमें थोड़ा सा धनिया, 4-5 हरी मिर्च, 4-5 कली लहसुन की कलियां, चौथाई चम्मच जीरा, थोड़ा सा काला नमक, आधा नींबू का रस और नमक स्वादानुसार डालकर मिक्सी में पीस लें। पकौड़ों के साथ सर्व करने के लिए चटपटी चटनी तैयार है।

Related Posts