बारिश से प्रभावित मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम ने अपने बल्लेबाजों के दम पर न्यूजीलैंड के सामने 341 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। भारतीय सलामी जोड़ी स्मृति मंधाना (109) और प्रतिका रावल (122) ने पहले विकेट के लिए 212 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की, जो महिला विश्व कप इतिहास में भारत की सबसे बड़ी साझेदारी बन गई…
नईदिल्ली (ए)। गुरुवार को खेले गए मुकाबलों में भारतीय बेटियों ने न्यूजीलैंड को हराकर वर्ल्ड कप के सेमिफाइनल में लगभग प्रवेश कर लिया है वहीं भारतीय बेटों ने ऑस्ट्रेलिया से हार कर सीरीज गंवा दिया है। भारत ने न्यूजीलैंड को 53 रन से हराकर महिला विश्व कप 2025 के सेमीफाइनल में जगह बना ली। गुरुवार को डी.वाई. पाटिल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में बारिश ने बाधा डाली, जिसके चलते ओवरों में कटौती करते हुए मैच को 49 ओवर का करने का निर्णय लिया गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय महिला टीम ने 49 ओवर में तीन विकेट खोकर 340 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम जब लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तो एक बार फिर बारिश आई और डीएलएस पद्धति के तहत उन्हें 44 ओवरों में 325 रनों का नया लक्ष्य मिला।
न्यूजीलैंड की टीम निर्धारित ओवरों में आठ विकेट पर 271 रन ही बना सकी। उनके लिए ब्रूक हॉलिडे ने 81 रन और इसाबेल गेज ने नाबाद 65 रन की पारी खेली। भारत की ओर से रेणुका सिंह और क्रांति गौड़ ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि स्नेह राणा, श्री चरणी, दीप्ति शर्मा और प्रतिका रावल को एक-एक सफलता मिली।
वहीं दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलिया ने भारत को दो विकेट से हराकर 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। गुरुवार एडिलेड में खेले गए रोमांचक मुकाबले में भारत ने रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 50 ओवर में नौ विकेट पर 264 रन बनाए थे। जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 46.2 ओवर में आठ विकेट पर 265 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इस हार के साथ भारत का एडिलेड में चला आ रहा विजयी अभियान थम गया। इससे पहले भारत ने 2008 के बाद से इस मैदान पर कोई मैच नहीं हारा था। भारत ने आखिरी बार फरवरी, 2008 में एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 50 रन से हार झेली थी। 2019 के बाद पहली बार इस मैदान पर भारत एडिलेड में वनडे मैच खेलने उतरा था।
अक्षर पटेल ने अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन वह भी 44 रन बनाकर आउट हुए। अंत में हर्षित और अर्शदीप ने नौवें विकेट के लिए 37 रन जोड़े जिससे भारत का स्कोर 260 के पार पहुंचने में सफल रहा।
भारत के लिए रोहित, श्रेयस और अक्षर के अलावा अर्शदीप ने 13, वाशिंगटन सुंदर ने 12, केएल राहुल ने 11, गिल ने नौ और नीतीश रेड्डी ने आठ रन बनाए। वहीं, हर्षित राणा 24 रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से एडम जांपा ने चार विकेट लिए, जबकि जेवियर बार्टलेट को तीन विकेट मिले। मिचेल स्टार्क के हाथ दो सफलता लगी।
















