दुर्ग। गुरुवार को निर्मल सिंह ने छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा जिसमें उन्होंने को कोविड-19 संक्रमण आपातकाल की स्थिति में शराब की होम डिलीवरी पर आपत्ति दर्ज की है।
श्री सिंह ने ज्ञापन में लिखा है कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ प्रदेश में कोविड-19 संक्रमण से आम जनमानस उभर नहीं पाया है। इस संक्रमण से प्रदेश में हजारों की तादात में अकाल मृत्यु हुई है एवं निचले वर्ग से लेकर उच्च वर्ग तक के सभी बहुत बुरे तरीके से प्रभावित हुए हैं। सभी के व्यापार व्यवसाय में बहुत बुरा प्रभाव पड़ा है।
इस वर्तमान कठिन परिस्थिति में उभरने हेतु आम जनमानस धीरे धीरे सकारात्मक सोच से कोशिश कर रहे हैं, ऐसे विषम परिस्थिति में राज्य सरकार द्वारा आम जनता हेतु शराब की होम डिलीवरी की व्यवस्था हेतु तैयारी कर शुरुआत की जा चुकी है।राज्य सरकार को वर्तमान परिपेक्ष में आम जनमानस हेतु राशन, वैक्सीनेशन, हॉस्पिटल में बेड की व्यवस्था, दवाओं की व्यवस्था को सुचारू रूप से ध्यान देकर आम जनता को लाभान्वित करने हेतु सार्थक कदम उठाने की आवश्यकता है जो कि आवश्यक जरूरतों की पूर्ति हेतु जरूरी है।शराब की होम डिलीवरी आम जनमानस हेतु किसी भी प्रकार से स्वास्थ के लिए लाभदायक नहीं है और आम जनता के जीवन हेतु आवश्यक सामग्री की श्रेणी में भी नहीं आता है।
अतः शराब की होम डिलीवरी पर तत्काल हस्तक्षेप करके आम जनता को विषम परिस्थिति से उभरने में सहयोग करने की कृपा करें।














