भारतीय टीम के अनुभवी ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। हार्दिक भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं…
नईदिल्ली (ए)। भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में एक खास रिकॉर्ड अपने नाम किया है. उन्होंने अब तक पाकिस्तान के खिलाफ केवल आठ पारियों में 15 विकेट झटके हैं, जो दोनों देशों के बीच टी20 क्रिकेट में किसी भी गेंदबाज़ द्वारा लिए गए सबसे ज़्यादा विकेट हैं. यह आंकड़ा बताता है कि हार्दिक पांड्या ने भारत-पाकिस्तान जैसे हाई-वोल्टेज मुकाबलों में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन किया है. उनकी गेंदबाजी ने कई अहम मौकों पर टीम इंडिया को बढ़त दिलाई है।
दिलचस्प बात यह है कि पांड्या ने इन आठ पारियों में पाकिस्तान के खिलाफ एक भी पारी ऐसी नहीं छोड़ी, जिसमें वह विकेट न ले पाए हों. हर मैच में उनकी गेंदबाज़ी ने टीम को महत्वपूर्ण सफलता दिलाई और विरोधी टीम पर दबाव बनाए रखा।
वहीं भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ आतिशी बल्लेबाज के साथ रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। वह भारत बनाम पाकिस्तान मैच में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए। इस मामले में उन्होंने युवराज सिंह को पीछे छोड़ दिया। बता दें कि, भारत और पाकिस्तान के बीच सुपर-4 का महामुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में सलमान आगा के नेतृत्व वाली टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 172 रनों का लक्ष्य रखा है।
पाकिस्तान के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए अभिषेक शर्मा ने 24 गेंदों में अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा अर्धशतक पूरा किया। यह भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए किसी टी20 मुकाबले में दूसरा सबसे तेज अर्धशतक है। इस मामले में शीर्ष पर मोहम्मद हफीज हैं, जिन्होंने 2012 में भारत के खिलाफ 23 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया था। अभिषेक ने अपने गुरू युवराज सिंह को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 29 गेंदों में पाकिस्तान के खिलाफ अर्धशतक लगाया था। इस मैच में बाएं हाथ के बल्लेबाज अभिषेक ने उपकप्तान शुभमन गिल के साथ पहले विकेट के लिए 105 रनों की साझेदारी की। मौजूदा टूर्नामेंट में किसी भी टीम के लिए किसी भी विकेट के लिए पहली 100+ साझेदारी है।
भारत-पाकिस्तान मैच में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज
| गेंद | बल्लेबाज | जगह | साल |
|---|---|---|---|
| 23 | मोहम्मद हफीज | अहमदाबाद | 2012 |
| 24 | अभिषेक शर्मा | दुबई | 2025 |
| 29 | युवराज सिंह | अहमदाबाद | 2012 |
| 32 | इफ्तिखार अहमद | मेलबर्न | 2022 |
| 33 | मिस्बाह-उल-हक | डरबन | 2007 |
इस मुकाबले में अभिषेक ने मौजूदा टूर्नामेंट का अपना पहला पचासा ठोका। वह 39 गेंदों में छह चौके और पांच छक्के की मदद से 74 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उन्हें अबरार अहमद ने हारिस रऊफ के हाथों कैच कराया। इस मैच में अभिषेक ने एक और उपलब्धि हासिल कर ली। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे कम गेंदों में 50 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने 331 गेंदों में 50 छक्के पूरे किए।
T20I में सबसे कम गेंदों में 50 छक्के पूरे करने वाले बल्लेबाज
| गेंदें (50 छक्के) | खिलाड़ी |
|---|---|
| 331 | अभिषेक शर्मा |
| 366 | एविन लुईस |
| 409 | आंद्रे रसेल |
| 492 | हजरतुल्लाह जजई |
| 510 | सूर्यकुमार यादव |
















