टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 127 रन बनाए। जवाब में भारत ने 15.5 ओवर में तीन विकेट पर 131 रन बनाए और मैच अपने नाम कर लिया…
नईदिल्ली (ए)। भारतीय टीम ने पाकिस्तान को एशिया कप के मुकाबले में सात विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारत ने पाकिस्तान को 25 गेंदों के शेष रहते हराकर मौजूदा टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 127 रन बनाए। जवाब में भारत ने 15.5 ओवर में तीन विकेट पर 131 रन बनाए और मैच अपने नाम कर लिया। भारत ने इससे पहले ग्रुप ए के अपने पहले मैच में यूएई को शिकस्त दी थी।
भारतीय गेंदबाजों के बाद बल्लेबाजों ने भी निराश नहीं किया और आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत को एक बार फिर अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने अच्छी शुरुआत दिलाई, लेकिन दोनों पावरप्ले में ही अपने विकेट गंवा बैठे। गिल 10 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अभिषेक ने 31 रन बनाए। इसके बाद मोर्चा कप्तान सूर्यकुमार ने तिलक वर्मा के साथ संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी हुई। तिलक 31 रन बनाकर आउट हुए। फिर शिवम दुबे और सूर्यकुमार ने मिलकर भारत के लिए जीत की औपचारिकता पूरी की। भारत के लिए सूर्यकुमार 37 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद 47 रन बनाकर नाबाद लौटे, जबकि दुबे 10 रन बनाकर नाबाद रहे। पाकिस्तान की ओर से तीनों विकेट सैम अयूब को मिले। भारत ने इसके साथ ही सुपर चार चरण के लिए दावा मजबूत कर लिया है।















