BREAKING

फीचर्डविविध

अपने निवेश की जानकारी परिवार से साझा करना न भूलें, देश में एक लाख करोड़ रुपये दावा के बगैर ऐसे ही हैं पड़े

नईदिल्ली (ए)। निवेश का लक्ष्य अपने साथ अपनों की वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करना होता है। इसकी जानकारी आपके परिवार के निकटतम व्यक्ति को जरूर होनी चाहिए तभी मुश्किल समय में वह निवेश आपके काम आएगा। वित्तीय विशेषज्ञों के अनुसार, कोरोना महामारी की दूसरी लहर ने संकट को और बढ़ा दिया है। ऐसे में किसी आपात स्थिति में मुश्किलों से बचने के लिए अपने निवेश की जानकारी परिवार से साझा करना न भूलें। देश में विभिन्न नियामकों के पास करीब एक लाख करोड़ रुपये दावा के बगैर पड़े हुए हैं।

ब्योरा छुपाने की आदत छोड़ें

आमतौर पर लोग निवेश का ब्योरा छुपाने का काम करते हैं। यहां तक कि जो नॉमिनी है उसे भी बताने की जरूरत नहीं समझते। वित्तीय विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसा करना सबसे बड़ी भूल है। उनका कहना है कि सावधि जमा, म्यूचुअल फंड सहित अन्य तरह के निवेश जो आपके नाम से उसे आपकी मंजूरी के बगैर कोई दूसरा नहीं ले सकता है। नॉमिनी को भी कई शर्तें पूरी करने के बाद राशि मिलती है। ऐसे में निवेश की जानकारी परिवार के करीबी व्यक्ति को जरूर दें।

निवेश का ब्योरा लिख कर दें

परिवार के किसी व्यक्ति को मौखिक रूप से निवेश की जानकारी देने से काम नहीं चल सकता है। वित्तीय विशेषज्ञों का कहना है कि एक डायरी में सभी तरह के निवेश का ब्योरा लिख कर परिवार के किसी सदस्य को सौंपे। इससे किसी आपात स्थिति में खर्च करने में भी सुविधा होती है। साथ ही यह आपके आश्रितों के लिए भी मददगार साबित होता है।

बीमा प्रीमियम जरूर चुकाएं

बीमा मुश्किल समय में सबसे पहले काम आने वाला वित्तीय उत्पाद है। ऐसे में बीमा प्रीमियम का समय पर भुगतान करें जिससे वह जररूत पर आपके काम आ सके। इसके अलावा सभी वित्तीय निवेश को चालू रखें क्योंकि म्यूचुअल फंड और आरडी सहित कई निवेश को बीच में बंद करके राशि निकालना घाटे का सौदा होता है।

 

Related Posts