BREAKING

फीचर्डविविध

डेविड वॉर्नर की जगह केन विलियमसन को सनराइजर्स हैदराबाद ने बनाया टीम का नया कप्तान

नईदिल्ली (ए)। सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने आईपीएल 2021 के बचे हुए मैचों के लिए केन विलियसमन को अपना नया कप्तान नियुक्त किया है। टीम ने डेविड वॉर्नर को कप्तानी से हटाने का फैसला किया है। हैदराबाद की टीम का प्रदर्शन इस सीजन कुछ खास नहीं रहा है और टीम छह में से पांच मैचों में हार का सामना कर चुकी है। हैदराबाद की टीम ने अपने ट्विटर हैंडल पर इस बात की जानकारी दी है। विलियसमन वॉर्नर की गैरमौजूदगी में हैदराबाद की पहले भी कप्तानी कर चुके हैं। हैदराबाद ने इस सीजन अबतक खेले 6 मैचों में से 5 में हार का सामना किया है और टीम इस समय प्वॉइंट टेबल पर सबसे नीचे है। आखिरी मुकाबले में टीम को चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों 7 विकेट से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी।

हैदराबाद के बल्लेबाज उम्मीद के मुताबिक इस सीजन प्रदर्शन नहीं कर सके और यही वजह है कि टीम ने कुछ बेहद करीबी मैच गंवाए हैं। विलियमसन चोटिल होने के चलते शुरुआती मैचों में नहीं खेले थे, लेकिन पिछले दो मैचों में वह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा रहे थे और उन्होंने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली के खिलाफ 66 रनों की दमदार पारी खेली थी। डेविड वॉर्नर की हालिया फॉर्म भी इस सीजन कुछ खास नहीं रही है और उन्होंने 6 मैचों में 193 रन बनाए हैं, लेकिन उनका स्ट्राइक रेट महज 110.28 का रहा है। यही हाल मनीष पांडे का भी रहा है और वह भी तेजी से रन बटोरने में नाकाम रहे हैं। गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार पूरी तरह से फिट नहीं है, जबकि टी नटराजन पहले ही घुटने की चोट के चलते पूरे सीजन से बाहर हो चुके हैं। हैदराबाद ने साल 2016 में आईपीएल के खिताब को अपने नाम किया था।

Related Posts