पुलिस द्वारा समाधान अभियान चलाकर 330 नग मोबाईल किया गया रिकवर…लगभग ₹50 लाख रुपये से भी अधिक कीमत मूल्य के विभिन्न कंपनियों के मोबाइल किये गये रिकवर…पुलिस टीम द्वारा जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, महासमुंद, रायपुर, अंबिकापुर आदि जिले से किया गया मोबाइल रिकवर…अभियान में दीगर राज्य, पुणे महाराष्ट्र, सतना मध्यप्रदेश एवं बिहार से भी किया गया मोबाइल रिकवर…जिले के विभिन्न थानों में दर्ज हुई थी मोबाइल गुमने की रिपोर्ट जिसे रिकवर कर किया गया उनके मालिकों के सुपूर्द…गुम मोबाईल के मिलने की आस छोड़ बैठे लोगों ने मोबाईल वापस मिलने पर पुलिस को किया धन्यवाद ज्ञापित…पूर्व में भी लगातार 02 बार अभियान चलाकर ₹95,00,000 कीमत मूल्य का 635 गुम मोबाइल किया जा चुका है रिकवर…
बलौदाबाजार। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता द्वारा जिले के विभिन्न थानों में विगत कुछ समय से दर्ज मोबाइल गुमने की रिपोर्ट को गंभीरता से लेते हुये समाधान अभियान चलाकर गुम हुए मोबाइलों को रिकवर करने हेतु निर्देशित किया गया। जिस पर अभिषेक सिंह अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार के मार्गदर्शन में “समाधान अभियान” के तहत जिले के विभिन्न थानों में दर्ज गुम मोबाइल की रिपोर्ट पर कई दिनों के अथक प्रयास, लगन एवं मेहनत से खोजबीन करते हुए 330 नग गुम मोबाइलों को रिकवर करने में सफलता प्राप्त हुई है।
रिकवर किये गये विभिन्न कंपनियों के मोबाइल की अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 50 लाख रूपये से भी अधिक है। अभियान में पुलिस टीम द्वारा जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, महासमुंद, रायपुर, रायगढ़, अंबिकापुर, सूरजपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ आदि जिलों के सांथ-सांथ दीगर राज्य पुणे महाराष्ट्र, सतना मध्यप्रदेश एवं बिहार से भी मोबाइल रिकवर किया गया है।
आज दिनांक 14.08.2025 को प्रातः 11.00 बजे पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह एवं एसडीओपी बलौदाबाजार निधि नाग द्वारा पुलिस कम्युनिटी हॉल बलौदाबाजार में उक्त सभी मोबाइलों को उनके मालिकों के सुपूर्द किया गया। मोबाइल गुम होने पर उसके मिलने की आस खो चुके लोगों को उनका खोया हुआ मोबाइल वापस मिलने पर उन सभी के द्वारा जिला बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस का धन्यवाद ज्ञापित कर प्रसन्नता व्यक्त किया गया।
गुमा हुआ मोबाइल पुनः उनके मालिकों को वापस कर पुलिस टीम द्वारा मोबाइल मालिकों को आगामी स्वतंत्रता दिवस पर्व के अवसर पर एक प्रकार से उपहार भेंट किया गया है। पूर्व में भी लगातार 02 बार अभियान चलाकर ₹95,00,000 कीमत मूल्य का 635 गुम मोबाइल रिकवर किया गया है।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा चर्चा करते हुए बताया गया कि पुलिस का यह अभियान भविष्य में भी निरंतर चलता रहेगा। साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति को कहीं भी लावारिस मोबाइल पड़ा हुआ मिले या कोई व्यक्ति बिना रसीद के कम कीमत में मोबाइल उपलब्ध करा रहा है, तो ऐसा मोबाइल चोरी का अथवा किसी अपराध में उक्त मोबाइल का प्रयोग किया गया, हो सकता है। ऐसी परिस्थिति में तुरंत अपने निकटतम थाने में इसकी सूचना देकर एक सच्चे नागरिक होने का कर्तव्य निभावे। सांथ ही उन्होंने अपील किया कि, अपना मोबाइल सुरक्षित रखें। किसी व्यक्ति का मोबाइल पाने वाला, दीगर व्यक्ति मोबाइल का गलत उपयोग कर सकता है, इसलिए अपना मोबाइल संभाल कर रखें।
कार्यक्रम के दौरान साइबर ठगी एवं उनसे बचाव के तरीकों के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी गई। मोबाइल रिकवर करने हेतु चलाए गए “समाधान अभियान” में निरीक्षक प्रणाली वैद्य, प्रधान आरक्षक विनोद सिंह, आरक्षक उमेश कुमार वर्मा, सत्यम यादव, इनेन्द्र कुमार सिंह, कमलेश श्रीवास, नारायण देवांगन का विशेष योगदान रहा।
















