नईदिल्ली (ए)। हनुमान जयंती 27 अप्रैल 2021 दिन मंगलवार को है। इस दिन हनुमान जी की विधि-विधान से पूजा की जाती है। इस दिन भक्त हनुमान जी को प्रसन्न करने के लिए व्रत भी रखते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, हनुमान जी की विधि-विधान से पूजा करने से सभी कष्टों से मुक्ति मिलती है और मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इस दिन लोग मंदिरों में जाकर हवन-पूजन करते हैं। लेकिन इस साल कोरोनावायरस से बचाव के लिए घर पर रहकर ही हनुमान जी की अराधना करना बेहतर है। जानिए हनुमान जन्मोत्सव के दिन हनुमान जी को क्या लगाएं भोग, कैसे करें पूजा और प्रसन्न करने के उपाय-
हनुमान जी को भोग में क्या अर्पित करें?
हनुमान जी को हनुमान जन्मोत्सव के दिन बूंदी का भोग लगाया जाता है। बूंदी लाल रंग वाली हो इसका ध्यान रखें। मान्यता है कि बजरंगबली को बूंदी के लड्डू या बूंदी चढ़ाने से सभी ग्रह बाधाओं का नाश होता है। इसके अलावा हनुमान जी को बेसन का लड्डू भी अर्पित किया जा सकता है।
हनुमान जी को कौन-सा फूल चढ़ाना चाहिए?
ऐसी मान्यता है कि बजरंग बली यानी हनुमान जी को लाल और पीला रंग अतिप्रिय है। ऐसे में उन्हें लाल या पीले रंग के फूल ही अर्पित करने चाहिए। हनुमान जी की पूजा में गुड़हल, गेंदा, गुलाब या कमल के फूलों का इस्तेमाल किए जा सकते हैं।
हनुमान जी को तुलसी की माला क्यों अर्पित की जाती है?
हनुमान जी को तुलसी की माला अर्पित की जाती है। कहते हैं कि ऐसा करने से संकट से मुक्ति मिलती है और सुख-समृद्धि के द्वार खुल जाते हैं। कहा जाता है कि मंगलवार के दिन हनुमान जी को तुलसी की माला चढ़ाने से धन लाभ के योग बनते हैं।
हनुमान जी को प्रसन्न करने के उपाय-
हनुमान जी के साथ भगवान राम व माता की भी पूजा करनी चाहिए।
हनुमान जयंती पर श्रीराम की प्रतिमा के सामने बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ व हनुमान जी की प्रतिमा के सामने राम रक्षा स्त्रोत का पाठ करना चाहिए।
ब्रह्मचर्य व्रत का पालन करें।
हनुमान जी को पूजा के दौरान सिंदूर अर्पित करना चाहिए।
चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा को हनुमान जयंती मनाई जा रही है। इस साल यह तिथि आज यानी 27 अप्रैल दिन मंगलवार को है। इस दिन को हनुमान जन्मोत्सव के रूप में मनाते हैं। इस दिन हनुमान जी को प्रसन्न करने के लिए विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है। इसके साथ ही भक्त बजरंगबली का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए व्रत भी रखते हैं। हनुमान जयंती के दिन चैत्र पूर्णिमा होने से इस दिन का महत्व और बढ़ रहा है। इस साल हनुमान जयंती पर सिद्धि योग बन रहा है। शास्त्रों में सिद्धि योग को शुभ योगों में गिना जाता है। इस योग के दौरान मांगलिक कार्यों को किया जाता है। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, हनुमान जयंती के दिन विशेष तरह के प्रयोगों से ग्रहों को भी शांत किया जाता है। शिक्षा, विवाह, कर्ज और कोर्ट-कचहरी आदि के मामलों के लिए यह दिन खास माना जाता है। हनुमान जयंती के दिन हनुमान जी के साथ भगवान श्रीराम की भी विधि-विधान से पूजा करनी चाहिए। मान्यता है कि ऐसा करने से हनुमान जल्दी प्रसन्न होते हैं। इस दिन रामचरितमानस और बाल कांड, अयोध्या कांड, अरण्य कांड, किष्किन्धा कांड, सुन्दर कांड, लंका कांड एवं उत्तरकांड का भी विशेष पाठ किया जाता है।
हनुमान जयंती 2021 शुभ मुहूर्त-
चैत्र पूर्णिमा – मंगलवार, अप्रैल 27, 2021
पूर्णिमा तिथि प्रारम्भ – अप्रैल 26, 2021 को 12:44 पी एम बजे
पूर्णिमा तिथि समाप्त – अप्रैल 27, 2021 को 09:01 ए एम बजे
















