BREAKING

खास खबरफीचर्डविविध

भारत ने इंग्लैंड को दिया 374 रन का लक्ष्य: बतौर कप्तान शुभमन ने गूच का रिकॉर्ड तोड़ा, जडेजा-आकाशदीप ने हासिल की उपलब्धि

दूसरी पारी में भले ही केएल राहुल सात रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, उन्होंने बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। वह SENA (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे भारतीय सलामी बल्लेबाज बन गए। मौजूदा सीरीज में केएल राहुल ने 532 रन बनाए हैं। वहीं, इस मामले में शीर्ष पर सुनील गावस्कर हैं। पूर्व बल्लेबाज ने 1979 में इंग्लैंड दौरे पर एक टेस्ट सीरीज में 542 रन बनाए थे। तीसरे स्थान पर मुरली विजय हैं, जिन्होंने 2014-15 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 482 रन बनाए थे। केएल ने पहली पारी में 14 रन बनाए थे…

 

 

नईदिल्ली (ए)। भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला लंदन के द ओवल पर खेला जा रहा है। भारत ने इंग्लैंड के सामने 374 रन का लक्ष्य रखा है। इंग्लैंड ने दूसरी पारी में एक विकेट पर 50 रन बना लिए हैं। दिन का खेल समाप्त होने तक बेन डकेट 48 गेंदों में 34 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। इससे पहले भारत की दूसरी 396 रन पर समाप्त हुई थी। वहीं, इंग्लैंड की पहली पारी 247 पर समाप्त हुई थी जबकि भारत ने पहली पारी में 224 रन बनाए। इस आधार पर मेजबानों को भारत पर 23 रनों की बढ़त हासिल हुई। अब इंग्लैंड को जीत के लिए 324 रन बनाने होंगे।

374 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम को दिन का खेल समाप्त होने से ठीक पहले मोहम्मद सिराज ने करारा झटका दिया। उन्होंने आखिरी गेंद पर जैक क्राउली को बोल्ड किया। वह 36 गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हुए। क्राउली और बेन डकेट के बीच पहले विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी हुई। दिन का खेल समाप्त होने तक डकेट 48 गेंदों में चार चौके की मदद से 34 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।

बतौर नाइटवॉचमैन बल्लेबाजी के लिए आए आकाश दीप ने ओवल टेस्ट में धमाल मचा दिया। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ जारी पांचवें टेस्ट मैच में शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। वह विदेशी धरती पर किसी टेस्ट सीरीज में 50 से ज्यादा रन और 10 विकेट हॉल हासिल करने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए।

आकाश दीप ने यशस्वी जायसवाल के साथ तीसरे विकेट के लिए 107 रनों की साझेदारी निभाई। इस दौरान आकाश दीप ने 70 गेंदों में अपने टेस्ट करियर का पहला अर्धशतक लगाया। वह 94 गेंदों में 12 चौके की मदद से 66 रन बनाकर आउट हुए। इस शानदार पारी के साथ युवा खिलाड़ी ने रिकॉर्ड्स की झड़ियां लगा दीं। आकाश दीप पहले भारतीय नाइटवॉचमैन बने हैं जिन्होंने 50 से अधिक रन बनाए हैं।

शुभमन गिल ने रोहित शर्मा के द्वारा खाली किए गए स्थान के लिए मजबूत दावेदारी पेश की है। वह इस सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 10 पारियों में 75.4 के औसत से बल्लेबाजी करते हुए 754 रन बनाए हैं। इसमें चार शतक भी शामिल हैं। गिल एक टेस्ट सीरीज में बतौर कप्तान सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए। उन्होंने ग्राहम गूच का रिकॉर्ड तोड़ दिया। दरअसल, गूच ने 1990 में भारत के खिलाफ बतौर कप्तान 752 रन बनाए थे। अब गिल ने 754 रन बनाकर उनका रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया। इस मामले में शीर्ष पर सर, डॉन ब्रैडमैन हैं जिन्होंने 1936/37 में इंग्लैंड के खिलाफ कप्तान रहते हुए 810 रन बनाए थे।

गिल ने इंग्लैंड दौरे पर चार शतक लगाए जिसमें एक दोहरा शतक भी शामिल है। वह किसी टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बन गए। इस मामले में शीर्ष पर सुनील गावस्कर का नाम दर्ज है, जिन्होंने 1971 में वेस्टइंडीज दौरे पर 774 रन बनाए थे। अब गिल के नाम इंग्लैंड दौरे पर 754 रन दर्ज हो गए। तीसरे स्थान पर भी सुनील गावस्कर का ही नाम है, जिन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज में 732 रन बनाए। चौथे स्थान पर यशस्वी जायसवाल का नाम दर्ज है जिन्होंने 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में 712 रन बनाए थे। पांचवें पायदान पर विराट कोहली का नाम है, जिन्होंने 2014/15 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 692 रन बनाए थे।

ओवल टेस्ट की दूसरी पारी में जडेजा ने शानदार प्रदर्शन किया और 53 रन बनाकर आउट हुए। इसी के साथ वह छठे या उससे निचले स्थान पर विदेशी टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए। जडेजा ने इस दौरे पर 516 रन बनाए। इस मामले में शीर्ष पर सर गारफील्ड सोबर्स हैं, जिन्होंने 1966 में इंग्लैंड के खिलाफ 722 रन बनाए। दूसरे स्थान पर पाकिस्तान के वसीम राजा हैं, जिन्होंने 1976/77 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 517 रन बनाए थे। जडेजा ने छठे या उससे निचले स्थान पर बल्लेबाजी करते हुए विदेशी टेस्ट में सर्वाधिक 50+ स्कोर बनाने के मामले में वेस्टइंडीज के गैरी एलेक्जेंडर और पाकिस्तान के वसीम राजा की बराबरी कर ली। तीनों के नाम छह-छह अर्धशतकीय पारियां दर्ज हो गई हैं। इसके अलावा जडेजा इंग्लैंड में किसी सीरीज में सर्वाधिक 50+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। इस मामले में उन्होंने सुनील गावस्कर, विराट कोहली और ऋषभ पंत को पीछे छोड़ दिया। तीनों के नाम पांच-पांच अर्धशतकीय पारियां दर्ज हैं।

विदेशी टेस्ट सीरीज में नंबर 6 या उससे निचले स्थान पर सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज

बल्लेबाज रन विपक्षी टीम साल
सर गारफील्ड सोबर्स (वेस्टइंडीज) 722 इंग्लैंड 1966
वसीम राजा (पाकिस्तान) 517 वेस्टइंडीज 1976/77
रवींद्र जडेजा (भारत) 516 इंग्लैंड 2025
स्टीव वॉ (ऑस्ट्रेलिया) 506 इंग्लैंड 1989

विदेशी टेस्ट सीरीज में नंबर 6 या उससे निचले स्थान पर सर्वाधिक 50+ स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज

बल्लेबाज 50+ स्कोर विपक्षी टीम साल
गैरी अलेक्जेंडर (वेस्टइंडीज) 6 ऑस्ट्रेलिया 1960/61
वसीम राजा (पाकिस्तान) 6 वेस्टइंडीज़ 1976/77
रवींद्र जडेजा (भारत) 6 इंग्लैंड 2025

इंग्लैंड में किसी एक सीरीज में सर्वाधिक 50+ स्कोर बनाने वाले भारतीय

बल्लेबाज 50+ स्कोर साल
रवींद्र जडेजा 6 2025
सुनील गावस्कर 5 1979
विराट कोहली 5 2018
ऋषभ पंत 5 2025

Related Posts