भिलाई। लोगों को साफ पेयजल मुहैया कराना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। इसमें किसी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए। एक सप्ताह के भीतर टाउनशिप में साफ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करें। यह निर्देश कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे ने मरौदा फिल्टर प्लांट के निरीक्षण के दौरान जलप्रबंधन से जुड़े बीएसपी के अधिकारियों को दिये। उन्होने आज विधायक देवेंद्र यादव के साथ प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि टाउनशिप एरिया में साफ गुणवत्तायुक्त पीने का पानी पहुँचाना सुनिश्चित करें। इसके लिए तात्कालिक रूप से जो कदम उठाये जाने चाहिए, उसे करें और दीर्घावधि के लिए फिल्टर प्लांट को आधुनिक तकनीक के अनुरूप अद्यतन करें। विधायक ने बीएसपी के जलप्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को कहा कि लोग पानी के रंग को लेकर शिकायत कर रहे हैं। इस पर अधिकारियों ने कहा कि पानी की गुणवत्ता सही है और यह पूरी तरह बैक्टीरिया मुक्त है। पानी के रंग को लेकर लोग सवाल उठा रहे हैं। इस पर कलेक्टर ने कहा कि तात्कालिक रूप से आप प्री क्लोरिनेशन करें, साथ ही एलम की सही मात्रा उपयोग करते हुए ग्रेड 4 का एलम उपयोग करें। तीन दिन के लिए एलम आपको भिलाई निगम की ओर से उपलब्ध करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस फिल्टर प्लांट को अपडेट किये जाने की जरूरत है। अभी अमृत मिशन के अंतर्गत जो फिल्टर प्लांट बने हैं उनकी टेक्नालाजी काफी नई है। यहाँ निरीक्षण कर इसी तरह की आधुनिक तकनीक फिल्टर प्लांट में लगाएं। विधायक ने कहा कि टाउनशिप की बड़ी आबादी को इस फिल्टर प्लांट से पानी जाता है और लोग इसकी शिकायत कर रहे हैं बीएसपी जलप्रबंधन को इसके लिए त्वरित कार्य करना होगा। कलेक्टर ने बीएसपी के अधिकारियों को कहा कि पानी के ट्रीटमेंट के लिए दिये गए निर्देशों पर आज ही अमल शुरू कर दें ताकि कल टाउनशिप के लोगों से किसी तरह की शिकायत नहीं आये। आज कलेक्टर ने फिल्टर प्लांट का निरीक्षण करने के दौरान बताया कि अमृत मिशन के प्लांट में बहुत सी खूबियाँ ऐसी हैं जिससे पानी की शुद्धता तो सुनिश्चित होती ही है, रंग भी साफ रहता है। इस दौरान ईई पीएचई समीर शर्मा, बीएसपी प्रबंधन के अधिकारी एवं निगम के अधिकारी भी मौजूद थे।














