BREAKING

Uncategorised

कोरोना टीकाकरण महा अभियान की कार्य योजना शीघ्र तैयार करें : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में उनके निवास कार्यालय में राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों की संयुक्त बैठक में आगामी 1 मई से राज्य में शुरू होने वाले कोरोना टीका करण महा अभियान की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को एक मई से 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को कोरोना से बचाव के लिए शुरू होने वाले टीकाकरण महा अभियान की कार्य योजना शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए हैं । मुख्यमंत्री ने कहा कि टीकाकरण अभियान के लिए करोना वैक्सीन की आवश्यकता और इसकी आपूर्ति की व्यवस्था की सुनियोजित कार्ययोजना बनाई जाये । उन्होंने कहा कि टीकाकरण केंद्रों तक वैक्सीन की सप्लाई आदि की बेहतर व्यवस्था हो ताकि टीकाकरण अभियान सुचारू रूप से संचालित होता रहे और हम इसके जरिए संक्रमण की रोकथाम के उद्देश्य में सफल हो । मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को टीकाकरण महा अभियान की निगरानी के लिए विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती के साथ ही टीकाकरण केंद्रों के चयन, वहां की व्यवस्था और वैक्सिनेशन टीम के गठन सुनिश्चित करने को कहा । उन्होंने कहा कि टीकाकरण अभियान के संबंध में भारत सरकार से जो जानकारी प्राप्त करना है वो भी शीघ्र प्राप्त कर ले । उन्होंने कहा कि टीकाकरण महाअभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाना चाहिए, ताकि टीकाकरण कराने के लिए लोग स्व-स्फूर्त रूप से केंद्रों पर आ सकें। बैठक में मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री सुब्रत साहू, अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य रेणु जी. पिल्ले, मुख्यमंत्री के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Posts