दुर्ग। जन समर्पण सेवा संस्था, दुर्ग द्वारा विगत 4 वर्षों से एवं वर्तमान लॉकडाउन में जरूरतमंदों को की जा रही निशुल्क भोजन सेवा में आज जिला पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर, एएसपी ग्रामीण प्रज्ञा मेश्राम, नगर पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, एवं दुर्ग पुलिस के आला अधिकारी उपस्थित हुए। पूरे जिले में मानव सेवा की मिसाल कायम करने वाली जन समर्पण सेवा संस्था जोकि बिना रुके, बिना थमे, विगत 4 वर्षों से एवं वर्तमान कोरोना महामारी के चलते भी मानव सेवा को अपना उद्देश्य बनाये हुए निरन्तर कार्य कर रही है। आज जब पूरा प्रदेश अपने घरों में है कोई बाहर नही निकल रहा है। सबको संक्रमण से डर है परन्तु इस बीच जन समर्पण सेवा संस्था के युवा प्रतिदिन शहर के हर जरूरतमंदों तक निशुल्क भोजन एवं दैनिक उपयोग की सामग्री साबुन, निरमा, बिस्किट, दूध एवं अन्य जरूरत की सामग्री निशुल्क वितरण कर रहे है, जिससे जरूरतमंदों की हर जरूरत पूरी हो रही है।
संस्था द्वारा की जा रही इस सेवा कार्य से प्रभावित होकर जब समाज सेवी इरफान खान ने जिला पुलिस अधीक्षक को दी तो कल रात्रि जिला पुलिस अधीक्षक दुर्ग अपनी पूरी टीम के साथ दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुँचे और संस्था द्वारा की जा रही मानव सेवा की भारी प्रशंसा की, जिला पुलिस अधीक्षक ने संस्था के सदस्यों को इस सेवा कार्य की बधाई दी और तत्काल सभी जरूरतमंदों को मास्क वितरण करने की व्यवस्था की। पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर एवं नगर पुलिस अधीक्षक ने अपने हाथों से संस्था के सदस्यों के साथ मिलकर जरूरतमंदों को भोजन वितरण किया साथ ही साथ सभी को अपने हाथों से मास्क का वितरण किया।
संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा बंटी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर ने संस्था के सदस्यों से फुटपात में रहने वाले जरूरतमंदों के कोरोना टीकाकरण की जानकारी ली और सभी के टीकाकरण करवाने का प्रयास करने की बात कही। नगर पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला ने इस कार्य की प्रशंसा करते हुए संस्था को पूरे जिले में फुटपात में रहने वालों के लिए बहुत जल्द मास्क उपलब्ध कराने की बात की और आगे भी इस सेवा कार्य मे उपस्थित होने की बात कही।
संस्था के हरीश ढीमर ने बताया कि वर्तमान में दिनांक 6 अप्रैल से लॉकडाउन जारी है, शहर बंद होने से खास तौर से उस वर्ग के लिए पेट भरने का संकट आ जाता है, जो रोज दिहाड़ी मजदूरी करते हैं, रिक्शा-ठेला चलाते है, चाय-पान के छोटे दुकानदार, फेरी करने, फुटपाथ और रेहड़ी पर दुकान लगाने वाले, एवं भिक्षु जन ऐसे हजारों परिवारों के समक्ष आमदनी का कोई जरिया न होने से घर में चूल्हा जल पाना मुश्किल हो जाता है । ऐसे लोगों की मदद के लिए दुर्ग शहर में जन समर्पण सेवा संस्था जोकि विगत 4 वर्षों से गरीब, असहाय एवं जरूरतमंदों को प्रतिदिन भोजन खिलाती आ रही, सभी के सहयोग एवं योगदान से संस्था द्वारा लॉकडाउन में भी जरूरतमंदों को भोजन, दैनिक उपयोग की सामग्री साबुन, निरमा, दूध, फल एवं जरूरत की हर सामग्री का वितरण किया जा रहा है।
संस्था के शुभम सेन ने बताया कि संस्था द्वारा प्रतिदिन की तरह शासन की दी गयी गाइडलाइन एवं नियमों का पूरा पालन करते हुए दुर्ग रेलवे स्टेशन, स्टेशन रोड, गुरुद्वारा के पास, शहीद चौक, में निःशुल्क भोजन वितरण किया जा रहा है, जिसमें वर्तमान में लगभग 300 से अधिक जरूरतमंदों को भोजन दिया जा रहा है।














