सलामी बल्लेबाज केएल राहुल के शतक और उपकप्तान ऋषभ पंत तथा रवींद्र जडेजा के अर्धशतकों के बावजूद भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में बढ़त हासिल करने से चूक गई। भारत की पहली पारी 387 रन पर ऑलआउट हुई। इंग्लैंड ने भी पहली पारी में इतना ही स्कोर बनाया था…
नईदिल्ली (ए)। वाशिंगटन सुंदर की घातक गेंदबाजी की बदौलत भारत ने इंग्लैंड को दूसरी पारी में 192 रन पर ऑलआउट कर दिया। अब भारत को जीत के लिए 193 रन बनाने होंगे। इससे पहले दोनों टीमों की पहली पारी 387-387 रनों के स्कोर पर समाप्त हुईं थीं।
सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए हैं। भारत को दूसरी पारी में पांच रन के कुल स्कोर पर पहला झटका लगा है। यशस्वी जोफ्रा आर्चर की गेंद पर आउट होकर पवेलियन लौटे हैं।
चौथे दिन इंग्लैंड का खेल 2/0 के स्कोर से शुरू हुआ था। जैक क्राउली और बेन डकेट क्रीज पर मौजूद थे। पहले सत्र में मोहम्मद सिराज ने कहर बरपाया और बेन डकेट के अलावा ओली पोप को पवेलियन की राह दिखाई। डकेट 12 और पोप चार रन बना पाए। इसके बाद नीतीश कुमार रेड्डी ने जैक क्राउली को यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच कराया। वह 49 गेंदों में 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इस सत्र में इंग्लैंड को चौथा झटका आकाश दीप ने दिया। उन्होंने हैरी ब्रूक (23) को बोल्ड किया।
दूसरे सत्र में भारतीय गेंदबाजों का दबदबा रहा और वाशिंगटन सुंदर ने इंग्लैंड दो बड़े झटके दिए। उन्होंने पहले जो रूट को बोल्ड किया। वह 96 गेंदों में एक चौके की मदद से 40 रन बना पाए। इसके बाद उन्होंने जेमी स्मिथ को अपना शिकार बनाया। वह भी आठ रन बनाकर बोल्ड हो गए।
तीसरे सत्र में भी सुंदर ने अपना जलवा बिखेरा और बेन स्टोक्स (33) व शोएब बशीर (2) को बोल्ड किया। वहीं, बुमराह ने क्रिस वोक्स (10) और ब्रायडन कार्स (1) को पवेलियन की राह दिखाई। आखिरी में जोफ्रा आर्चर पांच रन बनाकर नाबाद रहे। भारत के लिए दूसरी पारी में सुंदर ने चार विकेट लिए जबकि बुमराह और सिराज को दो-दो सफलता मिलीं। वहीं, नीतीश रेड्डी और आकाश दीप ने एक-एक अपने नाम किया।
















