BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

भाजपा के सांसदों-विधायकों को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने दिया प्रशिक्षण, उल्टा पानी स्थल का भ्रमण किया

रायपुर। भाजपा के प्रशिक्षण शिविर में सांसदों-विधायकों को प्रशिक्षण देने छत्तीसगढ़ पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह मैनपाट के मुरीद हुए. उन्होंने यहां उल्टा पानी स्थल का भ्रमण किया. उल्टा पानी में नाव बहाने के साथ उन्होंने इस स्थल के अजूबे को स्वयं अनुभव किया. शिवराज चौहान ने सोशल मीडिया पर मैनपाट का वीडियो शेयर कर लिखा है- छत्तीसगढ़ सचमुच अद्वितीय है।

केंद्रीय मंत्री चौहान ने आगे लिखा है कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक सौंदर्य से ही नहीं, बल्कि प्रकृति के अद्भुत चमत्कारों से भी समृद्ध है. ‘उल्टा पानी’ के रूप में ऐसा ही एक चमत्कार हमें मैनपाट में देखने को मिला. यहां पानी ऊपर से नीचे नहीं, बल्कि नीचे से ऊपर बहता दिखाई देता है. हमने वहां एक कागज की नाव भी बहाकर देखी तो वो भी नीचे से ऊपर की ओर ही चलने लगी. गाड़ी को न्यूट्रल गियर में छोड़ दिया तो वो भी खुद-ब-खुद ऊपर की ओर सरक गई।

शिवराज चौहान ने कहा, यह मेरे जीवन का पहला अनुभव था, जब पानी को इस तरह उल्टी दिशा में बहते देखा. इस दृश्य को देखकर मैं चकित रह गया. अब इसके पीछे वैज्ञानिक कारण जो भी हो, लेकिन यह रहस्य सचमुच रोमांचक है. पर्यटकों से अनुरोध है कि एक बार यहां जरूर आएं और ये चमत्कार देखें।

उल्टा पानी का अनुभव महसूस करने के बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से चर्चा में कहा कि अद्भुत है अपना छत्तीसगढ़. छत्तीसगढ़ प्राकृतिक सौंदर्य से भरा हुआ है, लेकिन प्रकृति का चमत्कार भी यहां दिख रहा है. पानी नीचे से ऊपर बह रहा है. इसके साइंटिफिक रीजन क्या है, यह देखना पड़ेगा, लेकिन यह अद्भुत है. पर्यटक यहां आने लगे हैं, छत्तीसगढ़ सरकार इस स्थल को विकसित कर रही है. छत्तीसगढ़ सरकार हर क्षेत्र में बहुत बेहतर काम कर रही है, टूरिज्म क्षेत्र में रोजगार बढ़ाने का निरंतर प्रयास जारी है।

उल्टा पानी भ्रमण के दौरान शिवराज सिंह ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से भी मुलाकात की. इस पर उन्होंने कहा कि महिलाएं मेहनत कर आजीविका चला रही है. हम लखपति दीदी बना रहे हैं. अभी अभियान चल रहा है. किसी के आंखों में आंसू ना हो, किसी को हाथ फैलाना ना पड़े, छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना तो चल रही है, लखपति दीदी अभियान भी चलाएंगे।

केंद्रीय मंत्री ने पत्रकारों से चर्चा में मोर आवास, मोर अधिकार को लेकर कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने चुनाव का वादा पूरा करते हुए मोर आवास मोर अधिकार 2018 की सूची में शामिल सबको मकान दे दिया है. आने वाले समय में सर्वे कर और पात्र निकलेंगे. छत्तीसगढ़ के गरीब भाई-बहनों को और मकान दिए जाएंगे।

 

Related Posts