इंग्लैंड में शतक लगाकर गिल ने बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। वह SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में दोहरा शतक लगाने वाले पहले एशियाई कप्तान बन गए। इसके अलावा वह सेना देशों में सर्वोच्च स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए। उन्होंने इस मामले में श्रीलंका के पूर्व बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान को पीछे छोड़ दिया…
नईदिल्ली (ए)। भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में दोहरा शतक जड़ा। गिल के टेस्ट करियर का यह पहला दोहरा शतक है। गिल पहले भारतीय कप्तान हैं जिन्होंने इंग्लैंड में दोहरा शतक लगाया है। वह 311 गेंद पर ऐसा करने में सफल रहे। गिल की दमदार पारी के दम पर भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ बड़ा स्कोर बना लिया है।
भारत ने दूसरे दिन की शुरुआत पांच विकेट पर 310 रन से की थी, लेकिन गिल और रवींद्र जडेजा ने छठे विकेट के लिए 203 रन जोड़कर भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। जडेजा शतक पूरा नहीं कर सके और 89 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन गिल टिके रहे और उन्होंने दोहरा शतक पूरा कर लिया। जडेजा और गिल के बीच हुई यह 200+ रनों की साझेदारी इंग्लैंड के खिलाफ किसी भारतीय जोड़ी के बीच छठे या उससे नीचे के विकेट के लिए तीसरी बड़ी साझेदारी है। इससे पहले ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा के बीच 2022 में इसी मैदान (एजबेस्टन) पर 222 रनों की साझेदारी हुई थी।
गिल टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले भारत के दूसरे युवा कप्तान हैं। उन्होंने इस मामले में सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है। गिल ने 25 साल 298 दिन की उम्र में यह कारनामा किया है। भारत के लिए टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले सबसे युवा कप्तान का रिकॉर्ड एम पटौदी के नाम है जिन्होंने 1964 में दिल्ली में खेले गए मैच में इंग्लैंड के ही खिलाफ ये उपलब्धि हासिल की थी। पटौदी ने 23 साल 39 दिन की उम्र में कप्तान के तौर पर टेस्ट में दोहरा लगाया था।
सचिन ने कप्तान के तौर पर 1999 में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट में दोहरा शतक लगाया था, उस वक्त उनकी उम्र 26 साल 189 दिन थी। वहीं, कोहली ने 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 27 साल 260 दिन की उम्र में कप्तान रहते टेस्ट में दोहरा शतक लगाया था। ओवरऑल 11 कप्तानों ने इंग्लैंड में दोहरा शतक लगाया है जिसमें से चार मेजबान टीम के रहे हैं, जबकि सात दौरे पर आई टीम के खिलाड़ियों ने लगाए हैं। इंग्लैंड में कप्तान के तौर पर कम उम्र में दोहरा शतक लगाने के मामले में सिर्फ ग्रीम स्मिथ ही गिल से आगे हैं। स्मिथ ने 2003 में 22 साल 175 दिन की उम्र में ऐसा किया था।
गिल ने अपनी शानदार पारी के दम पर एक और उपलब्धि अपने नाम कर ली है। गिल इंग्लैंड में एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में दिग्गज भारतीय बल्लेबाज सुनील गावस्कर को पीछे छोड़ दिया है। गावस्कर ने 1979 में द ओवल में खेले गए मैच में 221 रन बनाए थे। गिल 222 रन बनाते ही उन्हें पीछे छोड़ने में सफल रहे। 2002 में द ओवल में ही राहुल द्रविड़ ने 219 रन बनाए थे।
शुभमन गिल बतौर कप्तान अपने करियर के दूसरे ही टेस्ट मैच में दोहरा शतक लगाकर इतिहास रच दिया। वह पहले भारतीय कप्तान बन गए जिन्होंने इंग्लैंड में दोहरा शतक लगाया है।
इंग्लैंड में शतक लगाकर गिल ने बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। वह SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में दोहरा शतक लगाने वाले पहले एशियाई कप्तान बन गए। इसके अलावा वह सेना देशों में सर्वोच्च स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए। उन्होंने इस मामले में श्रीलंका के पूर्व बल्लेबाज तिलकरत्ने दिलशान को पीछे छोड़ दिया। गिल से पहले दिलशान के नाम इन देशों में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज था। उन्होंने 2011 में लॉर्ड्स में 193 रन बनाए थे।
















