नईदिल्ली (ए)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से देश में कोरोना वैक्सीन की कमी का आरोप लगाए जाने पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने ट्वीट कर कहा है कि देश में वैक्सीन की कमी नहीं है बल्कि राहुल गांधी अटेंशन की कमी से जूझ रहे हैं। उन्होंने लिखा कि आखिर राहुल गांधी ने अब तक वैक्सीन क्यों नहीं लगवाई हैं या फिर वह लगवाना नहीं चाहते हैं। ऐसा तो नहीं कि वह अपनी किसी विदेश यात्रा पर वैक्सीन लगवा आए हैं और उसके बारे में जानकारी नहीं देना चाहते? एक के बाद एक कई ट्वीट करते हुए रविशंकर प्रसाद ने लिखा, ‘राहुल गांधी को यह समझना चाहिए कि कांग्रेस शासित राज्यों में वैक्सीन की कमी नहीं है बल्कि हेल्थकेयर के प्रति कमिटमेंट का अभाव है।’
India is not facing vaccine starvation but Shri Gandhi is facing attention starvation. Why has Rahul Gandhi not yet taken vaccine?Is it an oversight or he doesnt want it or has he already taken one in many of his undisclosed trips to foreign locations but doesnt want to disclose?
— Ravi Shankar Prasad (@rsprasad) April 9, 2021
यही नहीं रविशंकर प्रसाद ने इशारों में ही महाराष्ट्र सरकार की राजनीतिक हलचल का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा, ‘राहुल गांधी को अपनी पार्टी की सरकारों को लेटर लिखना चाहिए कि वे वसूली के काम को बंदद करें और लाखों लोगों को वैक्सीन लगाएं, जिन्हें वे दबाए बैठे हैं।’ रविशंकर प्रसाद ने कहा कि महामारी से लड़ना किसी एक ट्रिक का गेम नहीं है। वैक्सीनेशन के अलावा टेस्टिंग, ट्रीटींग और ट्रेसिंग पर भी फोकस करने की जरूरत है। राहुल गांधी की समस्या यह है कि वह इन चीजों को नहीं समझते हैं। उनके इन चीजों को नजरअंदाज करने की वजह उनका अहंकार है।
यही नहीं राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए रविशंकर प्रसाद ने लिखा कि पार्ट टाइम पॉलिटिशयन के तौर पर असफल रहने के बाद अब वह फुल टाइम लॉबिंग में जुटे हैं? पहले उन्होंने फाइटर प्लेन कंपनियों के लिए लॉबिंग की थी और भारत के हथियारों की खरीद के प्रोग्राम को बाधित करने का प्रयास किया था। अब वह फार्मा कंपनियों के लिए लॉबिंग कर रहे हैं तो विदेशी वैक्सीन को मनमाने ढंग से मंजूरी दी जा सके। बता दें कि राहुल गांधी ने महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में वैक्सीन की कमी का आरोप लगाते हुए पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा था। उन्होंने कहा था कि वैक्सीन की कमी होने की स्थिति में टीका उत्सव कैसे मनाया जा सकता है। यह उत्सव की बात नहीं है बल्कि गंभीर समस्या है। इसके अलावा राहुल गांधी ने वैक्सीन को विदेशों में निर्यात किए जाने के फैसले पर भी सवाल उठाया था।















