BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की दी बधाई, कहा- स्वस्थ और निरोगी शरीर के लिए योग को जीवन शैली का हिस्सा बनाएं

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को ग्यारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा है कि योग को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य को बनाए रखने का उत्तम साधन माना गया है। यह भारत की प्राचीन परंपरा है। हमारे ऋषि-मुनियों ने इसके महत्व को बहुत पहले से ही जान लिया था। अब पूरा विश्व योग का महत्व समझ रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा है कि योग मूल रूप से शरीर, मन और आत्मा को शुद्ध करने की एक प्रक्रिया है। योग स्वस्थ, तनावमुक्त और अनुशासित जीवन जीने की एक शैली है। उन्होंने कहा कि सभी लोग निरोगी और स्वस्थ जीवन के लिए योग करें। श्री साय ने कहा है कि शारीरिक ऊर्जा, स्वास्थ्य और रोग प्रतिरोधक क्षमता के विकास पर योग का काफी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिला है। उन्होंने लोगों से योग को जन-जन तक पहुंचाने और इसे जीवन शैली का हिस्सा बनाने की अपील की है।

राज्यभर में ’’योग संगम-हरित योग’’ थीम पर आधारित होगा विशेष आयोजन:  छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आज 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई है। जिला मुख्यालयों से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक 21 जून को इस बार ’’योग संगम-हरित योग’’ थीम पर सामूहिक योगाभ्यास का कार्यक्रम आयोजित होगा।

जिला मुख्यालयों में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास के कार्यक्रम में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय राज्य मंत्री, उपमुख्यमंत्री द्वय, मंत्रीगण, सांसद एवं विधायकगण मुख्य अतिथि होंगे। छत्तीसगढ़ सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिला मुख्यालयों में आयोजित होने वाले सामूहिक योगाभ्यास में मुख्य अतिथि नामांकित किया गया है।

राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में आज राजधानी रायपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर सामूहिक योगाभ्यास का कार्यक्रम आयोजित होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में जशपुर जिले के रणजीता स्टेडियम में सुबह 7 बजे सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन होगा।

इस कार्यक्रम की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े करेंगी। उपमुख्यमंत्री अरूण साव जिला मुख्यालय मुंगेली तथा उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा कबीरधाम में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे।

Related Posts