BREAKING

Uncategorised

पीएचई मंत्री ने विभागीय कार्यो की समीक्षा कर कहा – ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करें

रायपुर। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री गुरु रूद्रकुमार ने ग्रीष्म ऋतु के मद्देनजर राज्य में विशेषकर ग्रामीण इलाकों में पेयजल की व्यवस्था पर निरंतर निगरानी रखने के साथ ही पेयजल योजनाओं की उचित रख-रखाव के निर्देश दिए हैं। मंत्री गुरू रूद्र कुमार ने कहा है कि लोगों को स्वच्छ पेयजल की पर्याप्त आपूर्ति राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी तरह की कोताही हरगिज बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री गुरू रूद्रकुमार अपने रायपुर स्थित निवास कार्यालय से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस मौके पर राज्य में पेयजल योजनाओं की अद्यतन स्थिति एवं संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।  मंत्री गुरू रूद्रकुमार ने विभागीय अधिकारियों को ऐसी पेयजल योजनाएं जिनके निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है उसे तत्परता से पूरा कराने के निर्देश दिए ताकि इसका लाभ जनसामान्य को मिल सके। मंत्री गुरू रूद्रकुमार ने हैण्डपंपों के संधारण तथा ड्रिलिंग मशीन के संबंध में आ रही समस्या का तत्परता से समाधान निकालने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने मैदानी अमले को कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए कार्य संपादित करने की बात कही।

मंत्री गुरू रुद्रकुमार ने बैठक में जिले के अधिकारियों से जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त योजनाओं की निविदाओं की अद्यतन स्थिति एवं कार्यादेश के संबंध में जानकारी ली और स्वीकृत कार्यों को तेजी से शुरू कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न कारणों से बंद हैंड पंप और पावर पंपों के सुधार का कार्य तेजी से कराने के भी निर्देश दिए। बैठक में जिले की बसाहटों, शालाओं और आंगनबाड़ी केंद्रों एवं गौठानों में नलकूप खनन कार्य, जल जीवन मिशन के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों में रनिंग वॉटर की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। जल जीवन मिशन के तहत रेट्रोफिटिंग योजना व मिनीमाता अमृत धारा योजना की अद्यतन प्रगति, घरेलू नल कनेक्शन के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि राइजर पाईप की समस्या दूर कर ली गई है। राइजर पाईप की आवश्यकता के चलते बंद पेयजल योजनाओं का संधारण आसानी से हो सकेगा।

Related Posts