उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेलवे लिंक परियोजना में नए प्रयोगों की लंबी फेहरिस्त है, जो भारतीय रेलवे के इतिहास में कभी नहीं हुआ, वो यूएसबीआरएल की टीम ने कर दिखाया है…
श्रीनगर (ए)। 272 किलोमीटर लंबे उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेलवे लिंक परियोजना का सबसे अहम पड़ाव चिनाब रेलवे ब्रिज है, 1315 मीटर लंबा यह पुल पूरे प्रोजेक्ट का सबसे कठिन और सबसे ज्यादा समय लेने वाला हिस्सा है। इस ब्रिज को बनाने के फैसले से लेकर उद्घाटन तक में 22 साल का समय लगा है। चिनाब रेलवे ब्रिज में नए प्रयोगों की लंबी फेहरिस्त है, जो भारतीय रेलवे के इतिहास में कभी नहीं हुआ, वो यूएसबीआरएल की टीम ने कर दिखाया है।
01
कंक्रीट को मजबूती देने को लिए स्टील फाइबर का किया इस्तेमाल
आरसीसी के बदले इस प्रोजेक्ट में स्टील फाइबर का इस्तेमाल किया गया। यह कंक्रीट की मजबूती व टिकाऊपन को बढ़ाता है। कंक्रीट की दरारों को भी यह कम करता है। यह भारी वजन को सहन करने में सक्षम बनाता है। स्टील फाइबर का इस्तेमाल गोदाम, कारखाने, विमान हैंगर, रनवे और मैनहोल बनाने में किया जाता है।
















