भिलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अभद्र टिप्पणी करना भिलाई के कांग्रेस नेता और पूर्व साड़ा उपाध्यक्ष को भारी पड़ गया। भिलाई के भाजपा नेताओं ने इस टिप्पणी के बाद वैशाली नगर पुलिस थाना में शिकायत की जिसके बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी नेता को गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया है। पुलिस द्वारा मोबाइल भी जप्त कर लिया गया है। अब जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कांग्रेस नेता बृजमोहन सिंह के द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अश्लील भाषा का प्रयोग करते हुए अश्लील कमेंट्स की गई थी। उनके खिलाफ भाजपाइयों के द्वारा वैशाली नगर थाने में शिकायत की गई थी। शिकायत के पश्चात वैशाली नगर थाने में अपराध पंजीबद्ध किया गया था।
देर रात में ही वैशाली नगर पुलिस के द्वारा आरोपी बृजमोहन सिंह को गिरफ्तार किया गया था। समर्थकों के थाने पहुंचने के बाद उन्हें हटाकर देर रात भिलाई नगर थाने में रखा गया था।
कांग्रेस नेता बृजमोहन सिंह के द्वारा जिस मोबाइल का उपयोग टिप्पणी के लिए किया गया था। पुलिस ने उसे भी जप्त कर लिया है। बुधवार को आरोपी बृजमोहन सिंह के खिलाफ धारा 296, 353(1)(b) 353(1) (c), 353(2) बीएनएस एवं 67 आईटी एक्ट के तहत कार्यवाही के पश्चात दुर्ग न्यायालय में पेश किया।
आपको बता दें कि तीन दिन पहले किसी ईश्वर दुबे नाम के व्यक्ति ने अपने फेसबुक में ऑपरेशन सिंदूर और भाजपा को लेकर पोस्ट किया। उस पोस्ट पर इस पर टिप्पणी करते हुए बृजमोहन सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर अश्लील टिप्पणी पोस्ट कर दी।
















