फतेहपुर। इन दिनों जहां पश्चिम बंगाल के विधान सभा चुनावों की खूब चर्चा हो रही है वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के जिला पंचायत चुनाव की भी खूब चर्चा है।
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिला के पंचायत चुनाव में एक ऐसे प्रत्याशी की भी खूब चर्चा हो रही है जो अकेले ही सुबह से साइकिल में अपने प्रचार के लिए निकल जाते हैं जी हां हम बात कर रहे हैं। वार्ड 6 हुसैनगंज छेऊका के जिला पंचायत सदस्य चुनाव के प्रत्याशी रामसेवक सोनकर जी की । जहां एक तरफ सभी प्रत्याशी चुनाव में अपनी ताकत का अहसास मोटरकार वा माइक पोंगा लगाकर कर रहे हैं वहीं ग्राम लालीपुर निवासी रामसेवक सोनकर अपनी साइकिल से ही चुनाव प्रचार कर रहे हैं। जिन्हें लोगों का समर्थन भी खूब मिल रहा है। रामसेवक सोनकर से हमारे सारनाथ एक्सप्रेस के संपादक से बातचीत एवं सवाल जवाब के कुछ अंश।सवाल: आप अपना परिचय दीजिए?
जवाब: मेरा नाम रामसेवक सोनकर ग्राम लालीपुर पोस्ट हुसैनगंज जिला फतेहपुर का निवासी हूं।
सवाल: आपका राजनीति में आने का क्या उद्देश्य है?
जवाब: हम राजनीति करने के लिए नहीं आए हमारा उद्देश्य गांव गांव का विकास कराना है। अभी तक आप लोगों ने देखा और महसूस किया होगा कि जब कोई भी प्रत्याशी चुनाव जीतकर आता है तो उससे सीधा संवाद आम जनता नहीं कर पाती है लेकिन हम एक गरीब मजदूर प्रत्याशी है जिससे कोई भी व्यक्ति सीधा संवाद कर सकता है और सीना तानकर अपने हक अधिकार के लिए आवाज उठा सकता है।
सवाल: आप एक गरीब मजदूर प्रत्याशी है तो ऐसे में आप अन्य प्रत्याशियों का सामना कैसे करोगे?
जवाब: जी हां मैं मजदूर और गरीब प्रत्याशी हूं और राजमिस्त्री का काम करता हूं और हमारे चुनावी क्षेत्र में ज्यादातर लोग मजदूर किसान हैं जिनका भरपूर सहयोग और समर्थन मिल रहा है।
सवाल: रामसेवक जी यदि आप चुनाव जीतते हैं तो आपका पहला काम क्या होगा ?
जवाब: व्यक्ति की मूलभूत समस्या रोटी कपड़ा और मकान है और इसके लिए कृषि क्षेत्र का विकास होना जरूरी है और इसके विकास के लिए सड़क नाली पानी की व्यवस्था कराना एवं हर विधवा और वृद्धा को पेंशन योजना का लाभ दिलाना है।
सवाल: जब आप साइकिल से प्रचार करने जाते हैं तो जनता का रुख क्या होता है ?
जवाब: हुसैनगंज छेउंका की जनता हमारा हौसला अफजाई करती है और कहती है कि आप ही ऐसे प्रत्याशी हो जो गरीब है और गरीबों की आवाज बनकर सामने आए हो पुरी जनता आपके साथ है।
सवाल: सुना है कि आपका समर्थन करने के लिए खटीक समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश सोनकर आ रहे हैं?
जवाब: जी हां राष्ट्रीय अध्यक्ष आ रहे हैं उन्होंने सभी समाज के प्रत्याशियों से लाटरी पद्धति से किसी एक को चुनाव मैदान में उतरने के लिए कहा था लेकिन लोग तैयार नहीं हुए। इसलिए उन्होंने हमारा समर्थन करना उचित समझा।
सवाल: राजेश सोनकर का नाम पूरे देश में बड़े आदर सम्मान से लिया जाता है तो क्या हुसैनगंज की जनता उनकी अपील मानेगी?
जवाब: राष्ट्रीय अध्यक्ष पूरे देश में समाज को जोड़ने का काम करते हैं, लोगों के हक अधिकार की लड़ाई लड़ते हैं। शिक्षा की ओर प्रेरित करते हैं समाज में व्याप्त सामाजिक बुराइयों को जड़ से खत्म करने के लिए मुहिम चला रहे हैं तो ऐसे में हमें पूरा विश्वास है कि हुसैनगंज की जनता उनकी अपील जरूर स्वीकार करेगी और हमारी जीत को सुनिश्चित करेगी।
सवाल: एक आखरी सवाल रामसेवक जी यदि आप चुनाव जीतकर आते हैं तो इसका श्रेय किसे देंगे?
जवाब: ये चुनाव मैं जीत हार के लिए नहीं लड़ रहा हूं। चुनाव क्षेत्र के विकास के लिए लड़ रहा हूं और ये चुनाव मैं खुद नहीं लड़ रहा हूं। हुसैनगंज छेऊंका की जनता मुझे चुनाव लड़ा रही है। ऐसे में क्षेत्र की पुरी जनता को ही श्रेय देना चाहूंगा।














