पहलगाम हमले का बदला भारत ने पाकिस्तान और पीओके में एयर स्ट्राइक कर लिया है। भारत ने 15 दिन बाद पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है। भारतीय सेना की इस कार्रवाई के बाद पाकिस्तान सीमा पर अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहां किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रक्षा इकाइयों को सक्रिय कर दिया गया है…
नईदिल्ली (ए)। पहलगाम के दोषियों एवं साजिशकर्ताओं को सबक सिखाने के मद्देनजर भारत ने बड़ा कदम उठाया है। भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकियों के नौ ठिकानों को नेस्तानबूद करने के लिए एयर स्ट्राइक की है। रक्षा मंत्रालय ने इस कार्रवाई के बारे में जानकारी दी। भारतीय सेना ने यह कदम तब उठाया जब वह पहले से ही आज पाकिस्तान सीमा पर बड़े पैमाने पर युद्धाभ्यास करने जा रही थी।
भारत ने पाकिस्तान और पीओके के अंदर आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया। इसमें आतंकी सरगना हाफिज सईद और मसूद अजहर के ठिकाने शामिल हैं। अब तक की अपडेट के मुताबिक भारत ने मुजफ्फराबाद, बहावलपुर, मुरीदके, सियालकोट, कोटली, बाघ, गुलपुर, भिंबेर और शकरगढ़ में आतंक के ठिकानों को निशाना बनाया है।
भारतीय सेना के मुताबिक, 06-07 मई 2025 की रात को पाकिस्तानी सेना ने मनमाने तरीके से गोलीबारी की, जिसमें जम्मू-कश्मीर के सामने नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार चौकियों से तोपखाने से गोलाबारी भी शामिल थी। अंधाधुंध गोलीबारी में तीन निर्दोष नागरिकों की जान चली गई। भारतीय सेना उचित तरीके से जवाब दे रही है।
पहलगाम में पाकिस्तान के भाड़े के आतंकियों ने भारतीय महिलाओं के मस्तक से 15 दिन पहले जो सिंदूर उजाड़े थे, भारत ने उसका प्रतिशोध ले लिया। 6 और 7 मई की दरमियानी रात देश के सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर हमला कर दिया। घातक ड्रोन और मिसाइलों से हुए इस हमलों के जरिए नौ जगहों पर आतंकी ढांचे को नष्ट कर दिया गया। इसी के साथ सेना ने एलान कर दिया कि इंसाफ पूरा हुआ! इसे नाम दिया गया- ऑपरेशन सिंदूर।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि भारतीय सशस्त्र बलों ने यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत की। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारतीय बलों ने उन आतंकवादी ढांचे को निशाना बनाया है, जहां से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों की योजना बनाई गई और निर्देशित किया गया था।
जानकारी के मुताबिक, भारत ने पाकिस्तान पर रात 1:10 से 1:20 के बीच हवाई हमला किया। इस हमले में भवालपुर में जैश-ए-मोहम्मद के कार्यालय, मुजफ्फराबाद सेंट्रल ग्रिड सिस्टम, और मरीदके में हाफिज सईद के कार्यालय सहित नौ ठिकानों को निशाना बनाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद रात भर ऑपरेशन सिंदूर पर लगातार पैनी नजर बनाए रखे, सभी नौ ठिकानों पर हमला सफल रहा है।
भारत के जवाबी पलटवर के बाद पाकिस्तान ने दुनिया के सामने आंसू बहाना शुरू कर दिया है। पाकिस्तान के डॉन न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने कहा कि दोनों देशों के बीच तीव्र तनाव के बीच भारत ने कोटली, बहावलपुर और मुजफ्फराबाद में मिसाइल हमले किए हैं। यह एक कायरतापूर्ण हमला है।
ऑपरेशन सिंदूर के बारे में सूत्रों ने बताया कि हमले में भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना की तीनों सेनाओं की सटीक हमला करने वाली हथियार प्रणालियों का इस्तेमाल किया गया। इसमें लोइटरिंग हथियार भी शामिल थे। पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी शिविरों पर हमलों के लिए सटीक निर्देश खुफिया एजेंसियों द्वारा मुहैया कराए गए थे। सूत्रों ने बताया कि हमले भारतीय धरती से ही किए गए। इससे पहले, सूत्रों ने यह भी बताया कि पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में कई ठिकानों पर हमले भारतीय सेना और वायु सेना द्वारा सटीक हमला करने वाले हथियारों का इस्तेमाल करके एक संयुक्त अभियान को अंजाम दिया। भारतीय सेना ने भारत में आतंकवादी गतिविधियों को प्रायोजित करने में उनकी भूमिका के लिए जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर के शीर्ष नेतृत्व को निशाना बनाने के इरादे से हमलों के लिए स्थान का चयन किया था।
भारतीय सेना द्वारा सफलतापूर्वक निशाना बनाए गए नौ ठिकानों में से चार पाकिस्तान में और पांच पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में हैं। पाकिस्तान में स्थित ठिकानों में बहावलपुर, मुरीदके और सियालकोट शामिल हैं। आतंकी शिविरों को निशाना बनाने के लिए विशेष सटीक हथियारों का इस्तेमाल किया गया। तीनों सेनाओं ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन को अंजाम दिया।
भारत की जवाबी कार्रवाई पर पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भारतीय वायु सेना ने भारतीय वायु क्षेत्र में रहते हुए खुलेआम युद्ध की कार्रवाई करते हुए, मुरीदके और बहावलपुर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार और आज़ाद जम्मू और कश्मीर के कोटली और मुज़फ़्फ़राबाद में नियंत्रण रेखा पार करके नागरिक आबादी को निशाना बनाया है। उन्होंने कहा कि स्टैंडऑफ हथियारों का इस्तेमाल करके पाकिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन किया है। भारत की कारर्वाई को आक्रामक बताते हुए उन्होने कबूल किया कि इसमें महिलाओं और बच्चों सहित कई नागरिक मारे गए हैं। इस आक्रामक कार्रवाई ने वाणिज्यिक हवाई यातायात को भी गंभीर खतरा पैदा कर दिया है।
















