देश के अधिकतर हिस्सों में 8 मई तक बारिश-ओलावृष्टि होने का अनुमान है। मौसम विभाग (IMD) का पूर्वानुमान है कि आने वाले दिनों में बिजली गिरने के साथ आंधी और तूफान की भी संभावना है। हिमाचल के चंबा में बादल फटने से तबाही की खबर है…
नईदिल्ली (ए)। मौसम के बदले मिजाज से लोगों को प्रचंड गर्मी से बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग ने 8 मई तक दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर पश्चिम भारत के साथ ही देश के अधिकतर हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने, बिजली गिरने, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान जारी रहने की संभावना जताई है। हालांकि, ओडिशा, पश्चिम बंगाल के गंगा के तटवर्ती इलाकों के साथ ही देश के पूर्व मध्य और पूर्वी इलाकों में गरज के साथ वर्षा की मौजूदा गतिविधियों में 7 मई के बाद से कुछ कमी आ सकती है। उधर, ऑरेंज अलर्ट के बीच हिमाचल में कई जगह झमाझम बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। चंबा जिले के चेली गांव के डोंडरा नाला में शनिवार रात बादल फटने से एक 65 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति की नाले में बहने से मौत हो गई। बाढ़ में 150 भेड़-बकरियां भी नाले में बह गईं।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, रविवार सुबह 8:30 बजे तक बीते 24 घंटे के दौरान पूर्वी राजस्थान, मध्य भारत, ओडिशा, झारखंड में कुछ स्थानों पर 70-100 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चलीं और कुछ जगहों पर धूल भरी आंधी आई। गुजरात, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान में भी 40-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।
पश्चिम बंगाल के गंगा के तट वाले इलाकों, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नगालैंड, त्रिपुरा, तमिलनाडु पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना में अलग-अलग स्थानों पर आंधी-तूफान का असर रहा। वहीं, उत्तराखंड, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि हुई, जबकि ओडिशा और मेघालय में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई। इससे तापमान में 2-3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है।
आईएमडी ने बताया कि उत्तरी पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब और उत्तर-पश्चिम राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इसके प्रभाव से 10 मई तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान राजस्थान में भी छिटपुट बारिश होने की संभावना है। 7 मई तक पश्चिमी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। 6-8 मई के दौरान पश्चिमी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। 6 मई तक बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की संभावना है।
















