भीषण गर्मी और लू से बेहाल लोगों को राहत मिली है। शनिवार को कश्मीर से लेकर उत्तराखंड-केरल तक देश के 16 राज्यों में हुई बारिश ने तापमान को नीचे ला दिया है। इस बीच, मौसम विभाग ने अगले चार-पांच दिन मध्य, पूर्व, प्रायद्वीपीय भारत में बिजली गिरने और ओलावृष्टि होने का पूर्वानुमान जताया है…
नईदिल्ली (ए)। जम्मू-कश्मीर, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, केरल, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश समेत 16 राज्यों में शनिवार को कई जगह आंधी-बारिश और तेज हवाओं के कारण मौसम सुहाना बना रहा। इस दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश और तेलंगाना में कुछ जगह ओलवृष्टि हुई और केरल, कर्नाटक के आंतरिक इलाकों और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले चार-पांच दिनों तक तकरीबन आधे देश में आंधी बारिश का यह दौर जारी रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी 7 मई तक उत्तर पश्चिम भारत में गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। अगले चार-पांच दिन मध्य, पूर्व, प्रायद्वीपीय भारत में बिजली गिरने और ओलावृष्टि होने का पूर्वानुमान है। वहीं, 5 से 8 मई तक पूर्वोत्तर भारत में गरज के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने के आसार हैं। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में एक पश्चिमी विक्षोम सक्रिय होने और ऊपरी हवा का एक चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पश्चिमी राजस्थान और दूसरा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में स्थित होने से मौसम फिलहाल गर्मी से राहत देने वाला ही बने रहने का अनुमान है।















