BREAKING

छत्तीसगढ़फीचर्ड

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के नवपदस्थ एसपी एसआर भगत ने किया पदभार ग्रहण, कहा- कानून व्यवस्था सुदृढ़ करना, जनता से सीधा संवाद मेरी प्राथमिकता

जीपीएम। जिले के नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक एस. आर. भगत ने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उन्हें पुलिस के जवानों द्वारा सलामी दी गई। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों की बैठक ली, जिसमें जिले की वर्तमान कानून-व्यवस्था, अपराधों की स्थिति और प्रशासनिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली गई।

इसके बाद श्री भगत ने मीडिया से संवाद करते हुए जिले की प्राथमिकताओं को लेकर अपनी स्पष्ट कार्ययोजना साझा की। उन्होंने कहा कि “गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की सुख-शांति बनी रहे, यह मेरा मुख्य प्रयास रहेगा।”

पुलिस अधीक्षक श्री भगत ने कहा कि आम जनता से सीधा संवाद और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण उनकी प्राथमिकता में शामिल होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर पीड़ित की बात को गंभीरता से सुना जाएगा और न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

चूंकि जीपीएम जिला प्रदेश का सीमांत जिला है, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ज्यादा सतर्कता बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि “सीमा पर निगरानी को और मजबूत किया जाएगा ताकि किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण रखा जा सके।”

श्री भगत ने जिले में अव्यवस्थित यातायात पर चिंता जताते हुए कहा कि यातायात को सुव्यवस्थित करने हेतु शीघ्र कार्ययोजना तैयार कर उस पर अमल किया जाएगा।

बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर की जनता से अपील
उन्होंने जिले में बाइक चोरी और सामान्य चोरी की घटनाओं का उल्लेख करते हुए आम जनता से अपील की कि वे अपने स्तर पर सुरक्षा बढ़ाएं, जैसे सीसीटीवी कैमरे लगवाना और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देना।

नए थानों और चौकियों के लिए भेजा गया प्रस्ताव
वर्तमान में जिले में तीन थाना और दो पुलिस चौकी है। बढ़ती जनसंख्या और विस्तार को देखते हुए अधिक थाना और चौकियों की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने बताया कि इस संबंध में शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।

श्री भगत ने कहा “हमारी पूरी कोशिश होगी कि जिला अपराध मुक्त हो। जो भी कमियां होंगी, उन्हें पूराकर बेहतर पुलिसिंग मॉडल तैयार किया जाएगा। शासन के निर्देशों के अनुरूप हर कदम पर कार्य किया जाएगा।

Related Posts