आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 196 रन बनाए थे, लेकिन चेन्नई की टीम में निर्धारित ओवर में आठ विकेट पर 146 रन ही बना सकी। आरसीबी ने शुक्रवार को चेपॉक का तिलिस्म तोड़ा और 6155 दिन के लंबे अंतराल के बाद यहां जीत हासिल की…
चेन्नई (ए)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने कप्तान रजत पाटीदार के अर्धशतक के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर सीएसके को 50 रनों से हराया। आरसीबी की यह चेपॉक स्टेडियम पर 2008 के बाद पहली जीत है। आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 196 रन बनाए थे, लेकिन चेन्नई की टीम में निर्धारित ओवर में आठ विकेट पर 146 रन ही बना सकी। सीएसके की ओर से सबसे ज्यादा रन रचिन रवींद्र ने बनाए जिन्होंने 31 गेंदों पर 41 रन की पारी खेली। विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी 16 गेंदों पर तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से 30 रन बनाकर नाबाद लौटे।
आरसीबी की टीम ने आईपीएल के पहले सत्र में सीएसके को उसके घर में हराया था और तब से वह इस मैदान पर हार का सामना कर रही थी। आरसीबी ने शुक्रवार को चेपॉक का तिलिस्म तोड़ा और 6155 दिन के लंबे अंतराल के बाद यहां जीत हासिल की। आरसीबी की जीत में कप्तान पाटीदार के बाद गेंदबाजों का योगदान महत्वपूर्ण रहा जिन्होंने सीएसके के बल्लेबाजों को किसी भी वक्त सुखद स्थिति में नहीं आने दिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए सीएसके की शुरुआत अच्छी नहीं रही और जोश हेजलवुड ने उसे दो झटके दिए। इसके बाद दीपक हुड्डा के रूप में उसे तीसरा झटका लगा। इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे शिवम दुबे ने रचिन के साथ मिलकर साझेदारी करने की कोशिश की, लेकिन यश दयाल ने इन दोनों बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया। शिवम 19 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अंतिम ओवर में धोनी ने क्रुणाल पांड्या पर लगातार दो छक्के और एक चौका जड़ा, लेकिन आरसीबी चेपॉक का तिलिस्म तोड़ने में सफल रही।
धोनी नौवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे, लेकिन अपनी छाप छोड़ने में सफल रहे। लियाम लिविंगस्टोन ने रविचंद्रन अश्विन को आउट कर सीएसके को सातवां झटका दिया। धोनी जब बल्लेबाजी के लिए उतरे तो सीएसके 99 रन पर सात विकेट गंवा चुकी थी। धोनी के मैदान पर उतरते ही चेपॉक में चेन्नई के फैंस उत्साह से झूम उठे और धोनी-धोनी के नारे लगाने लगे। माही ने भी प्रशंसकों को निराश नहीं किया और विस्फोटक बल्लेबाजी की। धोनी ने इस मैच में 187.50 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की जिसमें तीन चौके और दो छक्के लगाए। धोनी इसके साथ ही आईपीएल में सीएसके के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। धोनी ने इस मामले में पूर्व ऑलराउंडर सुरेश रैना को पीछे छोड़ा। रैना ने इस फ्रेंचाइजी के लिए 4687 रन बनाए हैं। धोनी के अब 4693 रन हो गए हैं और टीम के सबसे सफल बल्लेबाज बन गए हैं। हालांकि, वह टीम को जीत नहीं दिला सके।
















